भाजपा जनप्रतिनिधियों पर झूठे मुकदमे लोकतंत्र पर हमला, सरकार पुलिस-प्रशासन का कर रही राजनीतिक दुरुपयोग : भाजपा विधायक दल
हिमाचल आजकल
शिमला। भाजपा विधायक दल की बैठक आज शिमला में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत संगठन महामंत्री सिद्धार्थन के पिता स्वर्गीय नारायणन जी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना के साथ की गई।
बैठक के बाद विधायक दल के सचिव एवं विधायक रणधीर शर्मा ने बताया कि बैठक में प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, कांग्रेस सरकार की कार्यशैली तथा आगामी 21 अगस्त से प्रारंभ होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि विधायक दल ने प्रदेश सरकार द्वारा भाजपा के विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला परिषद सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों, नगर निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों और अन्य जनप्रतिनिधियों पर लगातार झूठे मुकदमे दर्ज करने तथा पुलिस-प्रशासन एवं सरकारी एजेंसियों के राजनीतिक दुरुपयोग की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है और सरकार प्रतिशोध की भावना से विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
रणधीर शर्मा ने बताया कि इसी के विरोध में 5 अगस्त को सुबह 10 बजे भाजपा विधायक दल नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में सीटीओ चौक, शिमला से विशाल विरोध प्रदर्शन एवं मार्च निकालेगा। इसमें भाजपा के सभी विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल शिमला तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कांग्रेस सरकार की प्रतिशोधात्मक राजनीति की पोल पूरे प्रदेश में खोली जाएगी।
उन्होंने कहा कि आगामी मानसून सत्र में भाजपा पूरी मजबूती के साथ जनता से जुड़े मुद्दे सदन में उठाएगी। प्रदेश में बारिश के दौरान सड़कों की बदहाल स्थिति, जगह-जगह भूस्खलन, बिजली और पेयजल आपूर्ति की बाधित व्यवस्था तथा सरकार की अपर्याप्त मानसून तैयारियों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में हुए नुकसान का विस्तृत ब्यौरा लेकर सदन में सरकार से जवाब मांगेंगे।


| All Rights Reserved | Website By :