Saturday, October 31, 2026

स्वच्छ भारत मिशन’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित

हिमाचल आजकल

शिमला।। रामपुर एचपीएस की ओर से स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान-2026 के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कशोली में ‘स्वच्छ भारत मिशन’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं और 12वीं के 40 विद्यार्थियों ने भाग लेकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक सोच प्रस्तुत की।
प्रतियोगिता का आयोजन 24 सितंबर को रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान रामपुर एचपीएस बायल के विभागाध्यक्ष (प्रापण एवं संविदा) ई. बिरेन्द्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं की कुमारी रिधिमा ने प्रथम, कुमारी यमुना ने द्वितीय और कुमारी समीक्षा ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं मृदुल और राधिका को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर दैनिक जीवन की आदत बननी चाहिए, जिसमें विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे का उचित पृथक्करण, पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने जैसे विषयों पर जागरूक किया गया। विद्यार्थियों से अपने परिवार और समुदाय तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया गया।
रामपुर एचपीएस की ओर से स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles