हिमाचल आजकल
शिमला। लूहरी जल विद्युत परियोजना-1 द्वारा हिन्दी पखवाड़ा के समापन अवसर पर आज कार्यालय परिसर, बिथल में हिन्दी कार्यशाला, काव्य गोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण समारोह का सफल आयोजन किया गया।
समारोह के प्रथम चरण में आयोजित हिन्दी कार्यशाला में मुख्य वक्ता डॉ. मोहन लाल, द्वारा राजभाषा हिन्दी के प्रभावी प्रयोग एवं प्रशासनिक कार्यों में इसके महत्व पर विस्तृत विचार प्रस्तुत किए गए ।
इसके बाद हुई काव्य गोष्ठी में परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनाओं का सुंदर प्रस्तुतिकरण किया, जिससे वातावरण भावपूर्ण हो उठा।
परियोजना प्रमुख जसवंत सिंह कपूर के कुशल मार्गदर्शन और प्रेरणादायक दिशा निर्देशों के अंतर्गत हिन्दी पखवाड़ा का सफलतापूर्वक समापन किया गया। कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि के रूप मे अल्का जयसवाल विभागाध्यक्ष(आर&आर, पर्यावरण) उपस्थित रहे। उन्होने अपने संबोधन में कहा कि “हिन्दी हमारी पहचान और गौरव की भाषा है। प्रशासनिक कार्यों में हिन्दी का अधिकाधिक प्रयोग कर हम अपनी सांस्कृतिक धरोहर को सशक्त बना सकते हैं। लूहरी जल विद्युत परियोजना-1 लगातार इस दिशा में प्रयासरत है।”
कार्यक्रम के अंतिम चरण में पुरस्कार वितरण किया गया। हिन्दी पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं— श्रुत लेखन, शुद्ध-अशुद्ध शब्द,अनुवाद प्रतियोगिता, काव्य-गोष्ठी आदि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मनीष कुमार, कनिष्ठ अधिकारी (राजभाषा) ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का हार्दिक आभार प्रकट किया। उन्होंने विशेष रूप से मुख्य अतिथि और निर्णायक मंडल का धन्यवाद किया, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफल हो सका।


| All Rights Reserved | Website By :