Saturday, October 31, 2026

स्वच्छता ही सेवा (SHS)-2026” अभियान का समापन

हिमाचल आजकल

शिमला। लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-I द्वारा विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार एवं निगम मुख्यालय के निर्देशानुसार दिनांक 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक “स्वच्छता ही सेवा (SHS)-2026” अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान जन-जागरूकता, स्वच्छता में जनभागीदारी, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, अपशिष्ट प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान का समापन आज गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर किया गया।
समापन अवसर पर लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-I के परियोजना प्रमुख ई. जसवंत सिंह कपूर ने अभियान के दौरान सक्रिय रूप से योगदान देने वाले स्वच्छता स्वयंसेवियों को सम्मानित किया। उन्होंने स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में स्वच्छता स्वयंसेवियों एवं परियोजना टीम द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।
अभियान के अंतर्गत परियोजना में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए “वेस्ट टू वेल्थ–कबाड़ से जुगाड़” प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने घरेलू एवं अनुपयोगी अपशिष्ट सामग्री का रचनात्मक एवं उपयोगी वस्तुओं में रूपांतरण कर अपनी सृजनात्मकता का प्रदर्शन किया। परियोजना प्रमुख एवं उपस्थित विभागाध्यक्षों ने प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत रचनात्मक कार्यों की सराहना की। प्रतियोगिता के विजेताओं के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. जसवंत सिंह कपूर ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने राजनीतिक स्वच्छता के साथ-साथ व्यक्तिगत स्वच्छता पर भी विशेष बल दिया और स्वच्छता को स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला माना। उन्होंने परियोजना की पूरी टीम एवं उपस्थित स्वच्छता स्वयंसेवियों का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छता को केवल किसी पखवाड़े अथवा अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपने स्वभाव, संस्कार एवं जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। यदि हम अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता, कचरे के उचित निस्तारण, प्लास्टिक के कम उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण को अपनाएं, तो स्वच्छता के इस संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाया जा सकता है।
इस अवसर पर परियोजना के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी तथा स्वच्छता स्वयंसेवी उपस्थित रहे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles