सोनिया गांधी की किताब को बड़ी संख्या में खरीद लोग : सुक्खू
हिमाचल आजकल
शिमला : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की सरकारी संपत्तियों को बेचने के आरोपों पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को जवाब दिया है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि प्रदेश सरकार किसी भी सरकारी संपत्ति को बेचने नहीं जा रही है और न ही किसी को सरकारी संपत्ति लूटने दी जाएगी। पीटरहॉफ को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि पीटरहॉफ को बेचने का सरकार का कोई इरादा नहीं है, बल्कि इसे पहले से बड़ा और बेहतर बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार नए पीटरहॉफ में करीब 100 कमरे बनाने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पता नहीं क्यों इस तरह के बयान दे रहे हैं। पीटरहॉफ में लीकेज की समस्या है और भवन खराब हो चुका है। उन्होंने कहा कि पुराना पीटरहॉफ आग में जल गया था और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में नया पीटरहॉफ बनाया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सरकार इससे भी बड़ा पीटरहॉफ बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है, जिसमें कम से कम 100 कमरे होंगे।
भाजपा पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी संपत्ति को भाजपा की तरह न तो बेचा जाएगा और न ही लूटने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने कस्टमाइज्ड पैकेज के नाम पर 5,000 बीघा जमीन बिना रजिस्ट्रेशन के एक करोड़ रुपये की लीज पर 99 साल के लिए दे दी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का किसी भी सरकारी संपत्ति को बेचने का कोई मकसद नहीं है।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार सरकार ने सबसे लंबा विंटर सेशन रखा है। सरकार चाहती है कि भारतीय जनता पार्टी सदन में खुलकर चर्चा करे और वॉकआउट न करे। उन्होंने कहा कि भाजपा का वॉकआउट करने का ट्रेंड रहा है, लेकिन इस बार विपक्ष को सदन में जनहित के मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष को लेकर कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि वह काफी दबाव में हैं और उनके विधायक दल में भी काफी रोष है। हालांकि, सदन की कार्यवाही किस तरह आगे बढ़ती है, यह देखना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शीतकालीन सत्र जल्दी आयोजित करने के पीछे सरकार का उद्देश्य प्रदेश के पर्यटन सीजन को प्रभावित होने से बचाना है। पर्यटन सीजन हिमाचल की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है और सरकार नहीं चाहती कि विधानसभा सत्र के कारण पर्यटन गतिविधियों पर कोई असर पड़े।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की पुस्तक ‘एक अनुभव, एक यादें’ को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने इस पुस्तक में अपने अनुभवों और राजनीतिक जीवन की यादों को सच्चे मन से लिखा है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में लोग इस पुस्तक को खरीद रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुस्तक का दिल्ली में 16 नवंबर को विमोचन होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपने राजनीतिक जीवन में देश की एकता और अखंडता को करीब से देखा है। देश की एकता और अखंडता के लिए उनकी सास इंदिरा गांधी ने बलिदान दिया और उनके पति राजीव गांधी ने भी अपना बलिदान दिया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में सोनिया गांधी के योगदान का भी उल्लेख किया और कहा कि आज कांग्रेस देश की मुख्य विपक्षी पार्टी के रूप में खड़ी है।


| All Rights Reserved | Website By :