Sunday, April 12, 2026

हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष बनी प्रतिभा सिंह, सुखविंदर सिंह सुक्खू को बनाया चुनाव प्रचार कमेटी का चेयरमैन, चार होंगे कार्यकारी अध्यक्ष

हिमाचल आजकल

शिमला। कांग्रेस आलाकमान ने हिमाचल कांग्रेस में बड़ा फेरबदल किया है। कांग्रेस आलाकमान ने कुलदीप सिंह राठौर की जगह सांसद प्रतिभा सिंह को हिमाचल कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया है। इसके साथ-साथ पार्टी ने विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू को पार्टी की प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री अपने पद पर यथावत बने रहेंगे। इसके अलावा पार्टी ने कुछ और नियुक्तियां भी की हैं। इनमें चार कार्यकारी अध्यक्ष भी शामिल हैं। इस संबंध में देरशाम पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आदेश जारी किए। 
बता दें कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की सुगबुगाहट पिछले कुछ समय से तेज थी। इसे लेकर कांग्रेस के नेताओं में खूब खींचतान चली हुई थी। पार्टी के नेता अपने-अपने समर्थकों के साथ हाईकमान के समक्ष दस्तक देकर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर लगातार दबाव बना रहे थे। नेताओं के दबाव के बावजूद कांग्रेस हाईकमान ने मंथन के बाद सांसद प्रतिभा  वीरभद्र सिंह को प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया है। 
प्रतिभा सिंह कांग्रेस के कद्दावर नेता व छह बार मुख्यमंत्री रहे स्व. वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं। वीरभद्र सिंह परिवार का प्रदेश की राजनीति में अपना रसूख व दबदबा है और पूरे प्रदेश में उनका अपना प्रभाव है। इसे देखते ही पार्टी हाईकमान ने प्रतिभा सिंह को पार्टी की कमान सौंपने का निर्णय लिया है। प्रतिभा सिंह पिछले वर्ष हुए मंडी संसदीय हलके से सांसद चुनी गई थी। उन्होंने भाजपा से न केवल सीट छीन कर उनके उम्मीदवार को पराजित किया था। भाजपा सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद मंडी लोकसभा उप चुनाव में भाजपा हार गई थी। हार के बाद खुद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उपचुनाव में कांग्रेस की जीत की वजह सहानुभूति बताया था। अब पार्टी ने प्रतिभा सिंह को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाकर वीरभद्र सिंह के नाम को भुनाने और उनके कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाने का मन बनाया है और यह नियुक्ति भी उसी का परिणाम है। कांग्रेस को लगता है कि प्रतिभा सिंह सभी को साथ लेकर चलने में सक्षम हैं और कार्यकर्ताओं ने भी नए जोश का संचार होगा। वीरभद्र परिवार के नाम पर उनके सभी पुराने समर्थक एक होंगे, जिसका लाभ कांग्रेस को सकता है। 
कांग्रेस ने प्रतिभा सिंह के अलावा कई और नियुक्तियां भी की हैं। इसके तहत विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू को चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया है। वह स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य भी होंगे। इसके अलावा पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा के नेतृत्व में स्टीयरिंग कमेटी बनाई है। इस कमेटी में वरिष्ठ विधायक आशा कुमारी, धनीराम शांडिल के अलावा कुलदीप राठौर, विप्लव ठाकुर, हर्षवर्धन चौहान, रामलाल ठाकुर, चंद्र कुमार व सुरेश चंदेल को सदस्य बनाया गया है। इस कमेटी में प्रतिभा सिंह, मुकेश अग्निहोत्री और सुक्खू स्थायी आमंत्रित सदस्य होंगे। 

कांग्रेस आलाकमान ने धनीराम शांडिल की अध्यक्षता में चुनाव घोषणा पत्र कमेटी गठित की है। इस कमेटी में आशीष बुटेल को कमेटी का उपाध्यक्ष और रोहित ठाकुर को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, कौल सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में पार्टी ने समन्वय समिति घोषित की है। इस समिति में सुरेश चंदेल को उपाध्यक्ष व प्रकाश चौधरी को संयोजक बनाया गया है। चुनाव प्रबंधन समिति का जिम्मा पार्टी ने रामलाल ठाकुर को सौंपा है। उनके साथ कुलदीप सिंह पठानिया और अनिरूद्ध सिंह उपाध्यक्ष होंगे, जबकि रघुबीर सिंह बाली इस समिति के संयोजक होंगे। उधर, पार्टी ने विप्लव ठाकुर की अध्यक्षता में अनुशासन समिति गठित की है। इस समिति में कुलदीप कुमार उपाध्यक्ष होंगे। वहीं, प्रचार समिति का जिम्मा पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा को सौंपा है। उनके साथ सोहन लाल ठाकुर उपाध्यक्ष होंगे। आश्रय शर्मा मीडिया व सोशल मीडिया समिति के अध्यक्ष होंगे। राजेश शर्मा को कोषाध्यक्ष और मदन चौधरी को पार्टी का उप कोषाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी ने राजेश धर्मांणी को रिसर्च कमेटी का जिम्मा सौंपा है। उनके साथ सुनील शर्मा संयोजक होंगे। कांग्रेस ने बनाए चार कार्यकारी अध्यक्ष कांग्रेस हाईकमान ने चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाए हैं। इसके तहत हर्ष महाजन, राजेंद्र राणा, पवन काजल और विनय कुमार को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, हर्षवर्धन चौहान को कांग्रेस विधायक दल का उप नेता बनाया गया है, जबकि जगत सिंह नेगी पार्टी के मुख्य सचेतक होंगे। उधर, पार्टी ने गंगूराम मुसाफिर, आईडी लखनपाल, सुंदर सिंह ठाकुर, रवि ठाकुर व सुरेश कुमार पार्टी का वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, संजय अवस्थी, नरेश चौहान, महेश्वर चौहान, हरीश जनारथा, सुरेंद्र चौहान और मोहिंद्र चौहान को पार्टी ने प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है। 

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles