हिमाचल आजकल
शिमला। परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ने कहा कि सरकार एचआरटीसी को सशक्त बनाने के लिए बीते एक वर्ष के दौरान 673 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। परिवहन निगम के कर्मचारियों के कल्याण व उनकी लंबित मांगों को पूरा करने के लिए प्रबंधन द्वारा सकारात्मक साथ कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रबंधन को एचआरटीसी के पेंशनरों को हर माह के पहले सप्ताह में पेंशन व कर्मचारियों को वेतन प्रदान करने के निर्देश दिए।
परिवहन मंत्री ने शुक्रवार को हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों के कल्याण के लिए उठाए गए कदमों और निगम की कार्यप्रणाली में किए गए प्रयासों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर बिक्रम सिंह ने कहा कि एचआरटीसी के पेंशनरों व कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत लाभ शीघ्र ही प्रदान कर दिए जाएंगे। उन्होंने विभिन्न वर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर करने के लिए भी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान एचआरटीसी में सबसे अधिक भर्तियां हुई हैं और पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति की गई है। वहीं 632 पीस मील वर्करों को अनुबन्ध पर लाया गया, 187 कर्मचारियों की सेवाएं नियमित की गई और 114 पात्र लोगों को करूणामूल्क आधार पर नियुक्ति प्रदान की गई है। उन्होंने एचआरटीसी प्रबन्धन के कर्मचारियों को व्यवहारिक आधार पर ओवरटाईम प्रदान करने और इस सम्बन्ध में हर समस्या का समाधान करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी द्वारा बस अड्डों की मरम्मत तथा अन्य कार्यों के लिए इस वित्त वर्ष के दौरान 10.50 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। वर्कशाप की री-मडलिंग के साथ वहां हर तरह के कलपुर्जों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।


| All Rights Reserved | Website By :