Monday, April 13, 2026

केन्द्र और राज्य में डबल ईंजन सरकारों के प्रयासों से हिमाचल प्रदेश में साढ़े चार वर्षों में हुआ अतुलनीय विकासः जगत प्रकाश नड्डा

राज्य की विकासात्मक मांगों के प्रति प्रधानमंत्री का सदैव उदार दृष्टिकोण: जय राम ठाकुर
हिमाचल आजकल

कुल्लू , मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश ने पिछले साढ़े चार वर्षों में अतुलनीय विकास किया है और यह सब केन्द्र और राज्य में डबल ईंजन की सरकारों के प्रयासों से ही संभव हो सका है। यह बात सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज कुल्लू के रथ मैदान में आयोजित सम्मान समारोह के अवसर पर एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही। यह समारोह हाल ही में सम्पन्न चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की भारी जीत के उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष के सम्मान में आयोजित किया गया था।भव्य स्वागत के लिए कुल्लू की जनता का आभार व्यक्त करते हुए जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि कुल्लू जिला के लगभग प्रत्येक गांव के अपने देवता हैं, जिस कारण इसे देवभूमि कहा जाता है। उन्होंने कहा कि कुल्लू के लोगों का उत्साह देखकर यह स्पष्ट हो जाता है कि भारतीय जनता पार्टी राज्य में जय राम ठाकुर के नेतृत्व में एक बार पुनः सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही ऐसा राजनीतिक दल है, जिसने अपने सभी वायदे पूरे किए है।जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि वर्तमान केन्द्र सरकार भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खसरा, जापानी बुखार, पोलियो इत्यादि के टीके बनने के बहुत वर्षों बाद भारत पहुंचे लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना का टीका देश में इस महामारी का पहला मामला मिलने के नौ माह के भीतर तैयार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि देश में इस टीके की 190 करोड़ डोज लोगों को निःशुल्क उपलब्ध करवाई गई। उन्होंने कहा कि देश में विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक आरम्भ किया गया। उन्होंने कोविड-19 टीके की प्रथम व द्वितीय डोज लगाने में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल करने पर राज्य सरकार के प्रयासों की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि प्रदेश की मिट्टी का बेटा आज विश्व के सबसे बड़े राजनैतिक दल का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कार्य के दौरान की मधुर स्मृतियां लगभग सभी कार्यकर्ताओं से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल भाजपा में ही संभव है कि एक साधारण परिवार से निकला आम व्यक्ति विश्व के सबसे बड़े दल का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के लिए भी यह सौभाग्य की बात है कि हमारा नेतृत्व विश्व नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश को सदैव अपना दूसरा घर माना है और राज्य की विकासात्मक मांगों के प्रति उनका दृष्टिकोण हमेशा उदार रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान राष्ट्रीय नेतृत्व ने यह सुनिश्चित किया कि देश में कोई भी व्यक्ति भोजन, मास्क, सेनिटाइजर और अन्य आवश्यक सुविधाओं से वंचित न रहे। जय राम ठाकुर ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में राज्य को आईआईएम और एम्स जैसी परियोजनाएं स्वीकृत हुई। उन्होंने कहा कि चम्बा, सिरमौर, हमीरपुर, मण्डी में आयुर्विज्ञान महाविद्यालय भी केन्द्र में भाजपा की सरकार के समय ही संभव हो सकें हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य में डबल ईंजन सरकारों के कारण ही सभी राष्ट्रीय राजमार्ग और फोरलेन परियोजनओं का निर्माण भी संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री के रूप में जगत प्रकाश नड्डा के कार्यकाल में ही आयुष्मान भारत योजना जैसी योजनाएं देश में संचालित की गई। उन्होंने कहा कि यह उनकी राजनैतिक दूरदर्शिता और विज़न का द्योतक है। उन्होंने कहा कि ऊना में पीजीआई सेटेलाइट सेंटर स्थापित किया जा रहा है और यह परियोजनाएं भी केन्द्र एवं राज्य में डबल ईंजन की सरकारों के कारण ही संभव हुई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, सहारा योजना, हिमकेयर, मुख्यमंत्री शगुन जैसी योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। प्रदेश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए 1300 करोड़ रुपये व्यय किए हैं, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार ने 400 करोड़ रुपये व्यय किए थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली निःशुल्क प्रदान करने और हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को बस किराए में 50 प्रतिशत रियायत देने का निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार ने राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में सभी घरेलू उपभोक्ताओं को निःशुल्क जल आपूर्ति का निर्णय लिया है।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles