हिमाचल आजकल
शिमला। चंबा के भटियात विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक बने कुलदीप सिंह पठानिया हिमाचल विधानसभा के अध्यक्ष बने। वीरवार को सदन में तीन प्रस्ताव कुलदीप सिंह पठानिया को विधानसभा अध्यक्ष बनाने के लिए रखे गए। इस दौरान प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार ने सदन की कार्यवाही का संचालन किया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पहला प्रस्ताव पेश किया कि कुलदीप सिंह पठानिया प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष होंगे। इस प्रस्ताव का अनुमोदन नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भाजपा विधायक दल ने किया। दूसरा प्रस्ताव उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने पेश किया। इस प्रस्ताव का अनुमोदन शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने किया। इसके बाद सोलन के कांग्रेस विधायक धनीराम शांडिल ने तीसरा प्रस्ताव पेश किया। इस प्रस्ताव का अनुमोदन सुलाह के विधायक व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने किया। प्रस्ताव पारित होने के बाद कुलदीप सिंह पठानिया को सुक्खू और जयराम ठाकुर ने आसन पर बिठाया। सुक्खू हाथ पकडक़र पठानिया को आसन तक ले गए। जयराम ठाकुर भी साथ वहां तक गए। सुखविंद्र सिंह सुक्खू और जयराम ठाकुर दोनों ने पठानिया को शुभकामनाएं दीं।


| All Rights Reserved | Website By :