Monday, April 13, 2026

भाजपा सरकार वित्तीय कुप्रबंधन के खिलाफ श्वेत पत्र जारी करेगी कांग्रेस सरकार : सुक्खू

हर महीने एक दिन कांग्रेस मुख्यालय में बैठकर कार्यकर्ताओं  की समस्याओं को सुनेगा एक मंत्री
हिमाचल आजकल
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन को प्रदेश की जनता के सामने उजागर किया जाएगा। कांग्रेस सरकार भाजपा के खिलाफ वित्तीय बदहाली को लेकर श्वेत पत्र लाएगी। उन्होंने ने कहा कि अब हर महीने एक दिन एक मंत्री कांग्रेस मुख्यालय में बैठकर कार्यकर्ताआें की समस्याओं को सुनेगा। मुख्यमंत्री वीरवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना।


सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस कर्यालय में एक कैबिनेट मंत्री के बैठने को लेकर प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह में चर्चा करने के बाद यह फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्होंने खुद मुख्यालय में बैठकर इस व्यवस्था को शुरू कर दिया है। भाजपा विधायक दल की आज शाम शिमला में होने वाली बैठक को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बैठक में भाजपा विधायकों को बढ़ती महंगाई और गैस सिलिंडरों के बढ़ते दाम के खिलाफ केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजना चाहिए। उनका कहना है कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को भारी कर्ज में डूबाया है। इसको लेकर कांग्रेस सरकार पूर्व भाजपा सरकार के खिलाफ श्वेत पत्र जारी करेगी। श्वेज पत्र के मध्यम से प्रदेश की जनता को भाजपा की जन विरोधी फैसलों के बारे में बताया जाएगा।

इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश सरकार विधानसभा के आम चुनावों में कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदत्त सभी दस गारंटियों को पूर्ण करने के लिए दृढ़ संकल्प है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल की पहली बैठक में ही प्रदेश में ओपीएस लागू कर दी गई है जिससे एक लाख 36 हजार से अधिक सरकारी कर्मचारियों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि अन्य सभी गारंटियां भी चरणबद्ध ढंग से पूरी की जाएंगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के दृष्टिगत राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोले जाएंगे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य की आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण से आगे बढ़ रही है ताकि लोगों की आकांक्षाओं को पूर्ण किया जा सके। प्रदेश की चिंताजनक आर्थिक सेहत पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आगामी विधानसभा सत्र में राज्य की आर्थिक स्थिति पर श्वेत-पत्र लाएगी ताकि लोगों को इस बारे में वास्तविक स्थिति से अवगत करवाया जा सके। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष को सलाह देते हुए कहा कि कोई भी आरोप लगाने से पहले वे पूर्व भाजपा सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल का आत्म-विश्लेषण अवश्य कर लें।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार को 75 हजार करोड़ रुपये का ऋण और 11 हजार करोड़ रुपये सरकारी कर्मचारियों के एरियर की देनदारी विरासत में मिली है। इसके अतिरिक्त पूर्व सरकार ने अपने कार्यकाल के अंतिम छः माह में 900 से अधिक संस्थान खोले अथवा स्तरोन्नत किए, जिससे प्रदेश के राजस्व पर 5000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
इस अवसर पर लोकसभा सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, विधायक इंद्र दत्त लखनपाल एवं नीरज नैयर, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles