Sunday, April 12, 2026

जुब्बल कोटखाई में सड़कों के सुधारीकरण पर खर्च होंगे 300 करोड़ : रोहित ठाकुर

हिमरी-घूंडा उठाऊ सिंचाई योजना का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण, जल्द किया जायेगा लोकार्पण

हिमाचल आजकल
शिमला, जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के सुधारीकरण पर लगभग 300 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी, जिससे क्षेत्र में आवागमन की सुगम सुविधा लोगों को उपलब्ध होगी। यह बात आज शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कोटखाई उपमंडल की ग्राम पंचायत हिमरी एवं घुंडा में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कही।
 
उन्होंने कहा कि हम विकास की कल्पना सड़कों के बिना नहीं कर सकते। सड़कें हमारी भाग्य रेखाएं हैं जिसके दृष्टिगत मजबूत सड़कों का आधारभूत ढांचा तैयार करना हमारी सरकारी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों का सबसे अधिक घनत्व जुब्बल कोटखाई में है। इन सड़कों के सुधारीकरण के लिए हर संभव प्रयास किया जायेंगे। उन्होंने कहा कि हिमरी सड़क के सुधारीकरण पर 21 करोड़ रुपए की राशि खर्च करना प्रस्तावित है, वहीं रेवघाटी सड़क पर 35 करोड़ तथा हूली महासु सड़क के सुधारीकरण पर 20 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बागवानी में इन्हीं सड़कों का अहम योगदान रहता है। आज जुब्बल कोटखाई क्षेत्र बागवानी के दृष्टि से ख्याति प्राप्त कर चुका है। प्रदेश के 8 सीए स्टोर में से 3 की स्वीकृति जुब्बल कोटखाई के लिए प्राप्त की जा चुकी है। इसके अलावा बागवानी को और अधिक बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास किए जायेंगे ताकि क्षेत्र में लोगों की आर्थिकी में वृद्धि सुनिश्चित हो सके।


उन्होंने कहा कि 8 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से चंगाऊटी खड्ड से हिमरी एवं घूंडा उठाऊ सिंचाई योजना निर्माण कार्य लगभग पूर्ण किया जा चुका है जिसको जल्द ही लोगों को समर्पित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि 2 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से घुंडा, जमदोग तथा अन्य क्षेत्रों के लिए उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है। योजना का निर्माण कार्य लगभग 40 प्रतिशत पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष कार्य को विभागीय अधिकारियों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जायेगा। जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इस दृष्टि से यहाँ साहसिक एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि साथ ही साथ वाटर स्पोर्ट्स एवं स्कीइंग जैसे खेलों को तलाशने के भी प्रयास किए जायेंगे ताकि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी शिक्षण संस्थानों में हर एक छात्र को गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है।वहीं रोजगार युक्त शिक्षा छात्रों को प्रदान की जाएंगी ताकि युवाओं को रोजगार उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश आज आर्थिक संकट से गुजर रहा है। प्रदेश की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। प्रदेश सरकार ने ठेकों की नीलामी कर 530 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय का सृजन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश के हर व्यक्ति को कर्ज के जाल से मुक्त करना चाहती है ताकि हमारा प्रदेश हर प्रकार से समृद्ध बन सके।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles