Monday, August 3, 2026

जगत सिंह नेगी ने “तोशिम 2023” कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत

राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत किन्नौर को सेब की सघन खेती अपनाने के लिए स्वीकृत हुए 50 करोड़

हिमाचल आजकल

शिमला, प्रदेश सरकार के राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री ने आज छात्र कल्याण संघ किन्नौर द्वारा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित “तोशिम 2023” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।  
कैबिनेट मंत्री द्वारा महात्मा बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा जॉनाम मोनिस्ट्री के लामाओं द्वारा मंत्रोच्चारण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।  “तोशिम” कार्यक्रम में किन्नौर छात्र कल्याण संघ के छात्र-छात्राओं द्वारा किन्नौरी डांस व नाटियों के साथ साथ स्पीति डांस, योग तथा अन्य प्रस्तुतियां दी गई।

इस अवसर पर जगत सिंह नेगी ने छात्र कल्याण संघ के अध्यक्ष अविराग नेगी सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्यों को तोशिम के सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश भिन्न-भिन्न रंगों व रूपों में बसा हुआ प्रदेश है, यहां के विभिन्न क्षेत्रों में बसे लोगों की अपनी-अपनी संस्कृति, व्यवहार, प्रथाएं व परंपराएं है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति भिन्नता में एकता का अनूठा संगम प्रस्तुत करती है।  उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम हमारी पुरानी संस्कृति को आगे बढ़ाने में  सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को स्कूल, कॉलेज व विश्वविद्यालय में बिताया गया समय सदा याद रहता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वह एक सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े और अपने जीवन के लक्ष्य को हासिल करें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ जिला किन्नौर को विकास के क्षेत्र में नंबर वन बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं ताकि किन्नौर जिला स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क तथा  विकास के हर क्षेत्र में आगे बढ़ सके।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत किन्नौर जिला को सेब की सघन खेती अपनाने के लिए 50 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है जिसमें 20 लाख सेब के पौधों का पूरे किन्नौर ज़िला में वितरण किए जाएंगे ताकि किन्नौर वासी बागवानी के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी आर्थिकी में सुधार कर सकें।

उन्होंने तोशिम कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को एक लाख रुपये की राशि देने की भी घोषणा की।

छात्र कल्याण संघ किन्नौर की उपाध्यक्ष सविता नेगी ने मुख्यातिथि एवं अन्य गणमान्यों का स्वागत करते हुए कल्याण संघ द्वारा किए जा रहे कार्यों सहित सामाजिक कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

कैबिनेट मंत्री ने किन्नौर जिला से सम्बन्धित विभिन्न विषयों में उपलब्धि हासिल करने वाले उत्कृष्ट बच्चों एवं उच्च नौकरी प्राप्त करने वाले व्यक्तियों तथा सबसे ज्यादा रक्तदान करने वाले तेजू नेगी तथा गोलू किन्नौरा टीम को सम्मानित किया।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles