सेब सीजन के लिए सभी संपर्क मार्गों को किया जाएगा दुरुस्त
हिमाचल आजकल
शिमला । शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने ठियोग विधानसभा क्षेत्र के तहत भारी बारिश के चलते हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में पिछले बीते सोमवार तक शुरूआती आंकड़ों के आधार पर लगभग 15 करोड़ रुपए के नुकसान हुआ है और नुकसान का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस आपदा की घड़ी में आम जनमानस के साथ खड़ी है। इस आपदा के समय में लोगों को सुरक्षा प्रदान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से इस दौरान राहत कार्यों में सहयोग की भी अपील की है।
रोहित ठाकुर कहा कि सेब सीजन भी कुछ ही समय में शुरू होने जा रहा है। प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि भारी बारिश के चलते बंद हुई सडक़ों को दुरुस्त किया जाए ताकि लोगों को सेब सीजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि इस बारिश में सबसे अधिक पंचायत की सडक़ें क्षतिग्रस्त हुई हैं। सडक़ों को सुरक्षित रखने के लिए आने वाले समय में जल निकासी की उचित व्यवस्था प्रदान की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि ठियोग विधानसभा क्षेत्र में करीब 49 संपर्क मार्ग बंद हुए थे जिसमें से मंगलवार को करीब 35 सडक़ों को बहाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस भारी बारिश के दौरान उत्पन्न हुई स्थिति के संदर्भ में केंद्र से भी बातचीत हुई है। उन्होंने केंद्र से प्रदेश को पूर्ण सहयोग की अपेक्षा की।

लोगों से जरूरी स्थिति में ही घर से बाहर निकलने की अपील
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने इस समय अति आवश्यक स्थिति में ही बाहर निकलने की अपील की। इस भारी बारिश के दौरान बाहर निकलना खतरों से भरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का इस समय मुख्य उद्देश्य लोगों के लिए मूलभूत सुविधाएं बहाल करना है।
निर्माणाधीन ठियोग बाईपास का किया निरीक्षण
शिक्षा मंत्री ने रोहित ठाकुर ने मंगलवार को ठियोग बाईपास के निर्माणाधीन हिस्से का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ठियोग बाईपास सडक़ को 15 अगस्त से पहले बहाल किया जाएगा ताकि लोगों को आने जान की बेहतर सुविधा मिल सके। इसके अतिरिक्त शिक्षा मंत्री ने रईघाट क्यारटू सडक़, वैली ब्रिज के समीप व स्नाई के पास धसें हिस्से का भी जायजा लिया।


| All Rights Reserved | Website By :