आबकारी विभाग की विशेष टीम ने 750 पेटी शराब जब्त की : यूनुस
हिमाचल आजकल
शिमला। राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पूरे प्रदेश में अभियान को और तेज कर दिया है। इस अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों की गठित टीमें अलग अलग जगह कारवाई कर रही हैं। वहीं विभाग की एक विशेष टीम ने भी पूरे प्रदेश में अवैध शराब के कारोबारियों पर शिकंजा कसा है।
आबकारी आयुक्त यूनुस ने कहा कि इस विशेष अभियान में टीम ने जिला बिलासपुर में गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग जगह छापेमारी कर लगभग 408 पेटी अंग्रेजी व देशी अवैध शराब अपने कब्जे में ली। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में आबकारी अधिनियम 2011 की धारा 43 के तहत 20 मामले और धारा 39 के तहत एक मामला दर्ज किया गया। आबकारी विभाग ने धारा 39 के तहत दर्ज किए गए मामले में पुलिस थाना झंडूता जिला बिलासपुर में प्राथमिकी भी दर्ज कर दी है। इस मामले में टीम ने एक अवैध गोदाम में रखी 210 अंग्रेजी व देसी शराब की पेटियों को जब्त कर पुलिस के हवाले कर दिया।

आबकारी आयुक्त ने बताया कि अवैध शराब की इस धरपकड़ में सभी जिलों की टीमों द्वारा अलग-अलग 196 मामलों में करीब 750 पेटियां अवैध शराब पकड़ी गई है। इसके अलावा 47087$ 00 लीटर लाहन भी पकड़ी गई। आबकारी अधिनियम के तहत करवाई करके लाहन को नष्ट की गया।
उन्होंने कहा कि सभी जिलों को अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के विरूद्घ सख्त कार्रवाई करने के और कड़े निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आमजन से भी अनुरोध किया कि किसी भी तरह के अवैध शराब से संबंधित मामले नजर में आते ही विभाग के ध्यान में लाएं। उन्होंने यह भी बताया कि आबकारी विभाग के कार्यों को ऑनलाइन कर दिया गया है जिस के तहत सभी प्रकार के लाइसेंस, परमिट व पास ऑनलाइन जारी किए जा रहे हैं।


| All Rights Reserved | Website By :