हिमाचल आजकल
शिमला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी का चार दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर 22 दिसंबर से 25 दिसंबर तक सिरमौर जिला के नाहन में त्रिलोकपुरी माता बालासुन्दरी मंदिर के प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। इसका शुभारंभ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर करेंगे। प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव रजनीश किमटा ने बताया कि कांग्रेस के इस राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी,प्रवक्ता, जिला अध्यक्ष, अग्रणी सगंठनों के सभी प्रमुख व ट्रेनिंग विभाग के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस दौरान उन्हें कांग्रेस पार्टी की नीतियों व विचारधारा के साथ साथ पार्टी के कार्यकलापों की प्रायोगिक जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि 22 दिसम्बर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष इस कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और अपना व्याख्यान देंगे। विभिन्न सत्रों में आयोजित होने वाले इस केम्प में दोपहर बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर विक्रम चौधरी कांग्रेस पार्टी की विचारधारा,दर्शन और नीतियों पर अपना व्याख्यान देंगे। जबकि 23 दिसम्बर को सुबह के सत्र में श्रमदान, फिजिकल एक्सरसाइज झंडा वंदन होगा। दोपहर के सत्र में कोविड काल मे प्रदेश सरकार की विफलताआें पर चर्चा के बाद नेरचौक मेडिकल कॉलेज से सेवानिवृत्त हुए प्रोफेसर दलीप सिंह स्वास्थ्य से संबंधित अपना व्याख्यान देंगे। इसके बाद एआईसीसी के ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर इंद्रजीत सिंह भारत निर्माण पर अपना व्याख्यान देंगे। चौथे सत्र में डा. आरएल विंटा शिक्षा और इसकी चुनौतियों पर अपना व्याख्यान देंगे। उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश ट्रेर्निंग प्रभारी हरिकृष्ण हिमराल इस प्रशिक्षण शिविर का विधिवत रूप में समापन करेंगे और भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे। इस प्रशिक्षण शिविर के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से ऋत्विज जोशी,शिल्पा व विजेंद्र मेव को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।


| All Rights Reserved | Website By :