Sunday, April 12, 2026

प्रधानमंत्री मोदी ने 22 लोगों के 16 लाख करोड़ का कर्ज माफ किया: राहुल गांधी

30 लाख सरकारी नौकरियां, मनरेगा की दिहाड़ी 400 रुपए करने का किया वादा
कहा, मैं और प्रियंका दिल्ली में आपके सिपाही
हिमाचल आजकल
शिमला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने रविवार को सिरमौर जिला के नाहन में कांग्रेस के पक्ष में प्रचार किया। एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी के चारों लोकसभा उम्मीदवारों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि मैं और प्रियंका दिल्ली में आपके सिपाही हैं और हिमाचल प्रदेश की आवाज को दिल्ली में बुलंद करेंगे। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश में आपदा आई तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश की कोई मदद नहीं की। प्रदेश में आपदा से 22 हजार परिवार प्रभावित हुए और केंद्र सरकार ने कुछ नहीं दिया। नुकसान से 9000 करोड़ रुपए भी अभी तक केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को नहीं दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अडानी और मीडिया की पार्टनर्शिप के कारण हिमाचल के सेब बागबानों को सही दाम नहीं मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने सेब स्टोरेज का सारी फैसिल्टी एक आदमी को दे दी है और वह सेब के दाम को कंट्रोल कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र देश के 20-25 लोगों के लिए काम कर रहे हैं। देश के सात एयरपोर्ट अडानी की कंपनी को दे दिए गए हैं और हथियार बनाने का काम भी अडानी की कंपनी कर रही है। पूरा देश जानता है कि जब तक मोदी सत्ता में है तब तक अडानी की कंपनी मुनाफा कमाएगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के मात्र 22 लोगों को करोड़पति बनाने के लिए काम कर रहे हैं। पिछले दस वर्षों में उनका 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया गया है, लेकिन किसान का कर्ज माफ नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि आज मीडिया सेब के दाम, किसानों और मजदूर की समस्याआें की चर्चा नहीं करता, बल्कि अडानी की शादी दिखाता है। उन्होंने कहा कि देश में सिर्फ 22 लोगों के सपने पूरे हो रहे हैं और बाकी का देश देखता रह जाता है। भाजपा सरकार ने नोटबंदी कर करोड़ों छोटे कारोबारियों को बर्बाद कर दिया और गलत जीएसटी लागू किया।


राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के करोड़ों लोगों को लखपति बनाने जा रही है। कांग्रेस पार्टी के सत्ता में आने पर हर गरीब महिला के खाते में एक साल में एक लाख रुपए डाले जाएंगे। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की कघनूनी गारंटी दी जाएगी। सरकारी क्षेत्र में 30 लाख नौकरियां देंगे और मनरेगा की दिहाड़ी बढ़ाकर 400 रुपए करेंगे। इसके साथ ही ग्रेजुएट युवाआें को पहली नौकरी पक्की का अधिकार देंगे, जिसके तहत सरकारी कंपनियों, संस्थानों में उन्हें रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा। किसानों का कर्ज माफ करने के साथ-साथ आंगनबाड़ी में काम करने वाली महिलाआें और आशा कार्यकर्ताआें की आय दोगुनी करेंगे। उन्होंने कहा कि यह फ्री गिफ्ट नहीं है, बल्कि लोगों का अधिकार है, जिसे केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संविधान भारत की आवाज है और भाजपा उस संविधान पर हमला कर रही है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती के साथ भाजपा के खलिाफ लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि संविधान कोई मामूली किताब नहीं है, बल्कि इसकी सोच हजारों साल पुरानी है और यह किताब देश की आवाज है।
इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, शिमला से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, नाहन के विधायक अजय सोलंकी सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

वोट के अधिकार को खरीदना चाहती है भाजपा : सुक्खू
सिरमौर जिला के नाहन में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा जनता के वोट को अधिकार को खरीदना चाहती है। उन्होंने कहा कि आजादी के लंबे संघर्ष के बाद कांग्रेस पार्टी ने देशवासियों को वोट का अधिकार दिया, लेकिन अब भाजपा वोटों का सौदा करना चाहती है। इसलिए जन भावनाओं  का सौदा करने वाली पार्टी को एक जून को सबक सिखाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की लड़ाई अब प्रदेश की जनता लड़ेगी क्योंकि यह चुनाव भविष्य की राजनीति की दशा और दिशा तय करेंगे। केवल जनता ही धनबल को हरा सकती है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव साधारण चुनाव नहीं है। यह चुनाव ईमानदारी और बेईमानी, सत्य और असत्य तथा धर्म और अधर्म के बीच है। लेकिन अंत में जीत ईमानदारी और सत्य की होगी, यह तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा जब वोट से सत्ता हासिल नहीं कर पाई, तो उसने नोटों के दम पर कुर्सी हथियाने का प्रयास किया और छह विधायकों को राजनीतिक मंडी में ख़रीदा। ।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles