Friday, February 27, 2026

शिमला में प्रवर्तन निदेशालय के सामने कांग्रेस का हल्ला बोल

केंद्र सरकार कुछ पूंजीपतियों को लाभ पहुंचा रही : प्रतिभा सिंह
हिमाचल आजकल
शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर वीरवार को प्रदेश कांग्रेस ने शिमला में प्रवर्तन निदेशालय के सामने जोरदार धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने अडानी व सेबी प्रमुख के कथित संबधों की जांच जेपीसी से करवाने व देश मे जातीय जनगणना करवाने की मांग की है।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने मीडिया से कहा कि केंद्र सरकार अपने कुछ पूंजीपतियों को लाभ देने के लिए देश की अर्थव्यवस्था से खिलवाड़ कर रही है। सेबी प्रमुख जो कभी अडानी समूह में नौकरी करते थे आज इस समूह को आर्थिक तौर पर लाभ पहुंचा रहे है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हिडंनबर्ग की रिपोर्ट में अडानी के शेयरों घोटाले के खुलासे में सेबी प्रमुख की संलिप्ता की जांच जेपीसी से करवाई जानी चाहिए। इस घोटाले में देश के लाखों शेयर धारकों के करोड़ो रूपए डूब गए। सेबी प्रमुख को तुरंत उनके पद से हटाया जाना चाहिए।
इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने इस दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह देश की अर्थव्यवस्था को अस्त व्यस्त करने में जुटे है। विपक्ष के नेता जब भी इसके खिलाफ कोई आवाज उठाते है तो उन्हें सीबीआई व ईडी का डर दिखा कर जेल में डाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि देश में वितीय घोटालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यह जांच जेपीसी से कम स्वीकार्य नहीं है। कांग्रेस आज देशभर में इस महाघोटाले को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है।


राठौर ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हिडंनबर्ग के खुलासे के बाद संसद के अंदर इसकी पूरी जांच जेपीसी से करवाने की जो मांग रखी है वह पूरी तरह से सही व जायज है। देश के सामने सच आना चाहिए । किस प्रकार केंद्र सरकार द्वारा अपने कुछेक खास पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा जातीय जनगणना से भी भाग रही है। कांग्रेस देश मे जातीय जनगणना की पक्षधर है और इसे करवा कर ही रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की अब कोई भी तानाशाही चलने वाली नहीं । कांग्रेस इसके खिलाफ मजबूती से लोगों के बीच जाकर आवाज उठाएगी।
इस धरना प्रदर्शन में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष व मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी,मोहन लाल ब्राक्टा,विधायक कुलदीप सिंह राठौर,हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा,शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल,पार्षद, पूर्व विधायक रामलाल ठाकुर,गंगूराम मुसाफिर,आदर्श सूद,चिरंजी लाल,सेवादल प्रमुख अनुराग शर्मा,शिमला शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, कार्यकारी अध्यक्ष आंनद कौशल,एपीएमसी शिमला किन्नौर के अध्यक्ष देवानंद वर्मा,प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस,युवा कांग्रेस, ब्लॉक अध्यक्ष व विभिन्न जिलों से आए ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, सेवादल व विभागों के पदाधिकारी व पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles