Friday, February 27, 2026

जुब्बल नावर कोटखाई में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हुए : रोहित ठाकुर

शिक्षा मंत्री ने राजकीय प्राथमिक स्कूल चंद्रपुर के भवन की रखी आधारशिला, 25 लाख से होगा निर्माण
हिमाचल आजकल
शिमला। शिक्षा मन्त्री रोहित ठाकुर ने कहा जुब्बल नावर कोटखाई में पिछले दो वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हुए हैं और पूरे विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपए की लागत से विभिन्न विद्यालय के भवनों का निर्माण किया जा रहा है। शिक्षा मंत्री ने वीरवार को जुब्बल क्षेत्र के सरस्वती नगर पंचायत के तहत चंद्रपुर में 25 लाख रुपए की लागत से बनने वाले राजकीय प्राथमिक विद्यालय चंद्रपुर के भवन की आधारशिला रखी। उन्होंने स्थानीय जनता को यह विश्वास भी दिलाया कि तय समय सीमा में यह निर्माण कार्य पूरा होगा, जिससे कि विद्यार्थियों की शिक्षा में सुविधा होगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान राज्य सरकार प्रदेश में गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्घ है, जिससे कि प्रदेश के हर बच्चे को घर द्वार पर विश्व स्तरीय शिक्षा का लाभ मिल सके और वह समय के साथ कंधे से कन्धा मिला कर चल सके।


विपक्ष पर निशाना साधते हुए रोहित ठाकुर ने बताया कि जहां एक समय हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में पूरे भारत में अग्रणी 5 राज्यों में शुमार हुआ करता था वहीं पिछली भाजपा सरकार में हिमाचल 21 वें स्थान पर पहुंच गया है, जो भाजपा की शिक्षा के प्रति असंवेदनशीलता और नकारात्मक सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा को एक सर्वाधिक अहम विषय समझती है और शिक्षा के ढांचे को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कदम उठा रही है।
शिक्षा मन्त्री ने बताया कि पिछले 2 वर्षों के कार्यकाल के दौरान लगभग 6000 शिक्षकों को बैच वाइज और सीधी भर्ती के द्वारा नियुक्तियां प्रदान की गई है और अभी भी यह प्रक्रिया निरंतर जारी है।


शिक्षा मंत्री शुराचली क्षेत्र के राथल में 25 लाख रुपए की लागत से नव निर्मित राजकीय प्राथमिक विद्यालय राथल के भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि शुराचली क्षेत्र से उनका एक गहरा और भावनात्मक संबंध है, जिसकी नींव पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यपाल ठाकुर रामलाल द्वारा रखी गयी थी। शिक्षा मंत्री ने बताया कि गंभीर वित्तीय और राजनैतिक संकट के बावजूद प्रदेश सरकार बेहतरीन कार्य कर रही है। विशेष कर शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश में जहां नए आयाम स्थापित हुए हैं वहीं सडक़ निर्माण, भवन निर्माण और अन्य विकास कार्यों को भी जोर मिला है और उसका ही परिणाम है कि पिछले 2 वर्षों में उनके विधानसभा क्षेत्र जुब्बल नावर कोटखाई में 107 सडक़ें पास हुई है और सडक़ों को पक्का करने का कार्य भी युद्ध  स्तर पर जारी है। रोहित ठाकुर ने बताया कि भले ही भाजपा ने ऑपरेशन लोटस और अन्य जरियों से सरकार को अस्थिर करने का असफल प्रयत्न किया हो या सरकार की छवि को धूमिल करने के लिए दुष्प्रचार का सहारा लिया हो लेकिन प्रदेश सरकार अपनी मजबूत स्थिति में है।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles