Friday, February 27, 2026

काजा में दो मेगावाट का सोलर पावर प्लांट स्थापित: सुक्खू

हिमाचल आजकल
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र काजा में बिजली व्यवस्था को सुनिश्चित और सुचारू बनाने के लिए दो मेगावाट का सोलर पावर प्लांट स्थापित किया गया है जिसके लिए बिजली बोर्ड के अधिकारियों व कर्मचारियों ने युद्घस्तर पर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कुछ ही महीनों में एक एमडब्ल्यूएच बैटरी स्टोरेज को भी इसमें जोडक़र प्लांट को पूरी तरह से स्थापित कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य को ‘ग्रीन स्टेट’ बनाने के लिए सोलर पावर का अधिक से अधिक दोहन करने का प्रयास कर रही है और मांग के आधार पर अलग अलग क्षेत्रों में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिजली बोर्ड के कार्यालयों के आस पास की खाली जमीन पर 18 मेगावाट की ग्राऊंड मांउटिड और रूफ टॉप सोलर प्लांट लगाने को मंजूरी प्रदान की है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा वर्ष 2026-27 तक प्रदेश में 50,000 उपभोक्ताआें के घरों पर रूफ टॉप सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य रखा है, जिसके लिए अभी तक 4444 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए खर्चों को नियंत्रित किया जा रहा है, जिसके तहत विद्युत सब्सिडी और स्टाफ का युक्तिकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से बिजली बोर्ड द्वारा किए गए विद्युत परियोजना समझौतों की समीक्षा की जा रही है और बोर्ड द्वारा उच्च दरों पर लिए गए ऋणों की भी समीक्षा की जाएगी ताकि कम ब्याज दरों पर ऋण भुगतान किया जा सके और हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड को ऋण के बोझ से निकालकर आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles