Thursday, February 26, 2026

एचएएस अधिकारियों व परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने राज्यपाल से की मुलाकात

हिमाचल आजकल
शिमला। हिमाचल प्रशासनिक सेवाएं (एचएएस) के 22 अधिकारियों व वर्ष 2024 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने बुधवार को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से राजभवन में मुलाकात की। यह परिवीक्षाधीन अधिकारी जिला शिमला के फेयरलन स्थित डा. मनमोहन सिंह हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) में पेशेवर प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं।
परिवीक्षाधीन अधिकारियों से संवाद करते हुए राज्यपाल ने उन्हें प्रशासनिक सेवाओं में आने पर बधाई दी और उन्हें समर्पण एवं निष्ठापूर्वक कार्य करने के लिए प्रेरित किया। राज्यपाल ने कहा कि एचएएस अधिकारियों को न केवल एक प्रशासक की तरह कार्य करना चाहिए बल्कि एक मार्गदर्शक, सहयोगी और दोस्त की तरह आमजन से संवाद स्थापित करना चाहिए। राज्यपाल ने प्रशासनिक सेवाओं के दौरान सत्यनिष्ठा, ईमानदारी समर्पण एवं संतुलित स्वभाव जैसी विशेषताओं को आचरण में शामिल करने पर जोर दिया।
शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि कानून और नियमों का ज्ञान होना जरूरी है लेकिन जो अधिकारी जनता के मुद्दों के प्रति संवेदनशीलता रखता है और निष्ठापूर्वक समस्याआें के समाधान के लिए प्रयास करता है उसे समाज में सराहना मिलती है तथा ऐसे अधिकारी द्वारा किए गए कार्यों को लंबे समय तक याद किया जाता है।
राज्यपाल ने सभी अधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उचित दृष्टिकोण, समर्पण और सकारात्मकता के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि यह न केवल व्यवसायिक विकास के लिए जरूरी है, बल्कि एक सशक्त और समृद्घ राष्ट्र के निर्माण में भी सहायक होता है।
इससे पूर्व, अतिरिक्त निदेशक हिपा प्रशांत सरकैक ने राज्यपाल को परिवीक्षाधीन अधिकारियों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों और पाठ्यक्रमों के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने युवा अधिकारियों के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त किया।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles