हिमाचल आजकल
शिमला। भारत की सबसे बड़ी भूमिगत जलविद्युत परियोजना नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पॉवर स्टेशन में 14 से 28 सितम्बर तक आयोजित हिन्दी-पखवाड़े का समापन समारोह आज 27 सितंबर को प्रशासनिक भवन के सभागार में आयोजित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख, एनजेएचपीएस राजीव कपूर ने हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विविध राजभाषा-आधारित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनकी सृजनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की। साथ ही उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को राजभाषा हिंदी के अधिकतम प्रयोग के लिए विशेष स्मृति चिन्ह प्रदान कर प्रेरित किया।
परियोजना प्रमुख, एनजेएचपीएस राजीव कपूर ने अपने उद्बोधन में इस आयोजन की सफल परिणति के लिए प्रतिभागियों और राजभाषा अनुभाग की दक्षता और प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यद्यपि विद्युत उत्पादन परियोजना का मूलाधार लक्ष्य है, तथापि विभिन्न विभागों द्वारा शत-प्रतिशत पत्राचार हिंदी में संपादित किया जाना एक अत्यंत प्रशंसनीय उपलब्धि है। उन्होंने यह भी प्रतिपादित किया कि हिंदी केवल हमारी मातृभाषा ही नहीं, अपितु शासन-प्रशासनिक कार्यव्यवहार की प्रमुख संवाहक भाषा भी है; अतः इसके संवर्धन एवं प्रसार-प्रचार में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है।


| All Rights Reserved | Website By :