Saturday, February 28, 2026

विनय कुमार ने संभाली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान


कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों से किया कांग्रेस अध्यक्ष का स्वागत
हिमाचल आजकल
शिमला। प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष विनय कुमार ने  रविवार को
अध्यक्ष पद की कमान संभाल ली है। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस
कार्यकर्ता व विभिन्न क्षेत्रों  से आए  लोग गाजे बाजे के साथ राजीव भवन
शिमला पहुंचे। शिमला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं  ने  विनय कुमार  का
जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू समेत
प्रदेश कांग्रेस के सभी बड़े नेता कांग्रेस भवन में मौजूद रहे। कांग्रेस
कार्यकर्ताओं ने कार्ट रोड को झंडे और बैनरों से सजा। वहीं प्रदेश
कांग्रेस  निवर्तंमान अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने विनय कुमार को  औपचारिक
रूप से प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी।
इस मौके पर हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने  कहा कि प्रदेश में
जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकारिणी का गठन करना उनके लिए चुनौती रहेगा।  उन्होंने कहा कि वे सरकार और संगठन के बीच तालमेल बनाने के लिए कड़ी का काम करेंगे। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए  कांग्रेस आलाकमान का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना था कि सभी वरिष्ठ नेताओं से बातचीत करके प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
इससे पहले विनय कुमार रविवार  सुबह चंडीगढ़ से शिमला रवाना हुए। उनका परवाणू, जाबली, धर्मपुर, सोलन, कुमारहट्टी और कंडाघाट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने  स्वागत किया।  राजीव भवन में आयोजित  कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य और प्रदेश मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सह प्रभारी चेतन चौहान, विदित चौधरी, कैबिनेट के सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस के विधायक, बोर्डों व निगमों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कांग्रेस के  वरिष्ठ नेता, अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों व पार्टी  कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विनय कुमार के नेतृत्व में सरकार रिपीट होगी : सुक्खू
हिमाचल कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष विनय कुमार के पदभार ग्रहण समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विनय कुमार 3 बार के विधायक और कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े व्यक्ति हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने पूर्व कांग्रेस अ प्रतिभा सिंह और सभी वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के  बाद नए अध्यक्ष की नियुक्ति की है। उन्होंने कहा कि विनय कुमार के अध्यक्ष बनने से पार्टी  को मजबूती मिलेगी और वे अनुसूचित जाति से संबंध रखते हैं।  सुक्खू ने कहा कि विनय कुमार के नेतृत्व में निश्चित तौर पर एकजुटता से सरकार में वापसी करेंगे। युवा चेहरे के तौर पर उनके चुनाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गो केआशीर्वाद और युवाओं के जोश और होश से आगे बढ़ेंगे।

विनय कुमार संगठन की मजबूती के लिए काम करेंगे : प्रतिभा सिंह
इस अवसर पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस  अध्यक्ष का पद काफी अहम है।  विनय कुमार को संगठन की मजबूती के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना जरूरी है ताकि आने वाले चुनावों में सफलता मिले। प्रतिभा सिंह ने संगठन पुनर्गठन में देरी को लेकर कहा कि इसमें उनके कारण कोई देरी नहीं हुई है बल्कि पार्टी आलाकमान ने विलंब किया है। उन्होंने कहा कि वे हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से संगठन पुनर्गठन को लेकर चर्चा करेंगी।
हिमाचल में नए दौर की शुरुआत : मुकेश अग्निहोत्री
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल में एक नए दौर की शुरुआत होने जा रही है।  अब जल्द ही संगठन का पुनर्गठन होगा। उनका कहना है कि विनय कुमार रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं इस विधानसभा क्षेत्र ने प्रदेश को पहला मुख्यमंत्री दिया है।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles