Saturday, October 31, 2026

जुब्बल में नेपाली मजदूर की हत्या की गुत्थी सुलझी, नेपाल भागने से पहले शिमला आईएसबीटी से दो आरोपी गिरफ्तार

हिमाचल आजकल

शिमला। शिमला के जुब्बल में नेपाली मजदूर की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि झगड़े के बाद मजदूर की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया, ताकि वारदात को हादसा दिखाया जा सके। दोनों आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें शिमला आईएसबीटी से गिरफ्तार कर लिया। एएसपी शिमला सिटी मेहर पंवर ने मामले की जानकारी दी।

शिमला की एएसपी मेहर पंवर ने बताया कि 18 अक्तूबर की रात दोची के समीप एनएच-705 पर 33 वर्षीय नेपाली मजदूर धीरेन्द्र थापा का शव खून से लथपथ हालत में मिला था। घटनास्थल पर सड़क से नीचे जाने वाले कच्चे रास्ते पर भी खून के निशान मिले, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मानवीय आसूचना के आधार पर जांच की। इसमें सामने आया कि वारदात से पहले मृतक और दोनों आरोपी एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनके बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद धीरेन्द्र थापा की मौत हो गई। आरोप है कि आरोपियों ने शव को सड़क किनारे छोड़कर वारदात को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।वारदात के बाद दोनों आरोपी मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गए। वे खड़ापत्थर से पिकअप में लिफ्ट लेकर ठियोग पहुंचे और रात जंगल में बिताई। अगले दिन नेपाल भागने की कोशिश के दौरान पुलिस ने उन्हें शिमला आईएसबीटी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय सूर्य दमाई उर्फ अनिश, निवासी जिला गुल्मी और 27 वर्षीय सुमन खड़का, निवासी जिला सल्यान, नेपाल के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में जांच जारी है।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles