Saturday, October 31, 2026

शिमला ग्रामीण में सजेगा खेलों का महाकुंभ, 9553 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण में गुटबाजी के भाजपा के आरोपो को बताया बेबुनियाद

हिमाचल आजकल

शिमला। शिमला ग्रामीण में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से 25 अक्टूबर से खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। नशा छोड़ो, खेल खेलो’ थीम पर आयोजित होने वाला यह महाकुंभ 15 नवंबर तक चलेगा। हिमाचल स्पोर्ट्स कल्चर एंड एनवायरनमेंट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस महाकुंभ में विभिन्न खेलों और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में 9 हजार 553 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। क्रिकेट से लेकर कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और रस्साकशी तक, खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पत्रकार वार्ता में आयोजन की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापना को लेकर भाजपा के गुटबाजी के आरोपों और लोक निर्माण विभाग में धन की कमी के सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि हिमाचल स्पोर्ट्स कल्चर एंड एनवायरनमेंट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस महाकुंभ में कुल 9 हजार 553 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। सभी प्रतिभागियों को खेल किट भी प्रदान की जाएगीप्रतियोगिताओं की बात करें तो क्रिकेट में 211 टीमें, वॉलीबॉल में 50 टीमें, जबकि कबड्डी और बैडमिंटन में महिला एवं पुरुष वर्ग की 60-60 टीमें भाग लेंगी। इसके अलावा लोकनृत्य की 100 टीमें और रस्साकशी की 260 टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। फैशन शो और मॉडलिंग के लिए अब तक 400 महिलाओं ने पंजीकरण करवाया है, जबकि 400 महिला मंडल भी इन आयोजनों में भाग लेंगे। रस्साकशी प्रतियोगिता में सबसे अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सराहन में प्रतिमा अनावरण को लेकर भाजपा की ओर से लगाए जा रहे गुटबाजी के आरोपों को विक्रमादित्य सिंह ने खारिज किया। उन्होंने कहा कि यह जिला स्तर का कार्यक्रम था और इसे गुटबाजी से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व रिज पर उनकी प्रतिमा के कार्यक्रम में सोनिया ओर प्रियंका गांधी पहुंचे थे भाजपा बेवजह तुल दे रही है।

लोक निर्माण विभाग व शहरी विकास विभाग में धन की कमी के सवाल पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि विभाग में पैसों की कोई कमी नहीं है। विकास कार्यों के लिए जहां से भी धन उपलब्ध करवाने की जरूरत होगी, वहां से व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में विकास कार्यों की रफ्तार को रुकने नहीं दिया जाएगा।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles