Saturday, October 31, 2026

आगले  पांच वर्षों में पर्यटन क्षेत्र में 15,000 करोड़  का निवेश करेगी प्रदेश सरकारः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कोटी गोल्फ कप-2026 के विजेताओं को किया सम्मानित

हिमाचल आजकल

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में पर्यटन क्षेत्र के विकास पर 10,000 से 15,000 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बना रही है। प्रदेश में हाई-एंड पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार विशेष प्रयास कर रही है। इसके तहत पर्यटन अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ हवाई कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री रविवार को  शिमला जिला के नालदेहरा स्थित गोल्फ कोर्स में 24 और 25 अक्तूबर को आयोजित कोटी गोल्फ कप-2026 टूर्नामेंट के समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। इस प्रतियोगिता में 80 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उन्हें ट्रॉफियां प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण पर 3,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार प्रदेश में हवाई सेवाओं के संचालन को प्रोत्साहित करने के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) के तहत 35 करोड़ रुपये उपलब्ध करवा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों को हेलीपोर्ट सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके साथ ही, शिमला से जोड़ने वाली हवाई सेवाएं शुरू करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, ताकि हवाई संपर्क बेहतर हो और पर्यटकों को आवागमन में अधिक सुविधा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार से बड़े विमानों का संचालन संभव हो सकेगा। इससे प्रदेश में पर्यटकों की आमद बढ़ेगी और हिमाचल प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने सतत् पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की पहलों को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रदेश में 60 ईको-टूरिज्म साइट्स को लीज पर दिया गया है, जिससे राज्य के राजस्व में 22 करोड़ रुपये की आय हुई है।

उन्होंने नालदेहरा गोल्फ कोर्स की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के सबसे मनोरम गोल्फ स्थलों में से एक बताया। उन्होंने गोल्फ कोर्स के विकास का श्रेय   ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह को दिया। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आवश्यक नीतिगत बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए बताया कि कॉलेज और विश्वविद्यालय के दिनों में वह इस क्षेत्र में आया करते थे।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि नालदेहरा गोल्फ कोर्स को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोल्फ कोर्स को पर्यटकों के लिए भी खोला गया है और यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गोल्फ कोर्स के विकास के लिए 1.82 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई है।

समारोह में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, महाधिवक्ता अनूप रतन, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह तथा कोटी गोल्फ क्लब और नालदेहरा गोल्फ क्लब के सदस्य एवं पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles