Wednesday, November 25, 2026

जुब्बल-नावर-कोटखाई  क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के तहत  850 करोड़ के विकास कार्य प्रगति पर :  रोहित ठाकुर 

 शिक्षा मंत्री ने टुटूपानी-नालावन संपर्क सड़क का किया भूमि पूजन

हिमाचल आजकल

शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंगलवार को  नावर क्षेत्र के प्रवास के दौरान विभिन्न निर्माणाधीन विकासात्मक कार्यों का निरीक्षण किया तथा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

कुठाड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लगभग 850 करोड़ रुपए के विकास कार्य प्रगति पर हैं, जिनका क्षेत्रवासियों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सड़कें विकास की भाग्य रेखाएं हैं। नावर क्षेत्र में बागवानी और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए सड़क सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण विशेष महत्व रखता है। इसी दिशा में विधानसभा क्षेत्र में अब तक 209 सड़कों की सफल पासिंग की गई है।

 7.60 करोड़ से निर्माणाधीन उमलाडवार-गाहलून-कड़ीवन संपर्क सड़क का किया निरीक्षण

 रोहित ठाकुर ने नाबार्ड के अंतर्गत निर्माणाधीन उमलाडवार-गाहलून-कड़ीवन संपर्क सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सड़क का निर्माण लगभग 7 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिसका करीब 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने गाहलून क्षेत्र के लोगों को पेयजल योजना के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।

 8.62 करोड़ से बनने वाली टुटूपानी-नालावन संपर्क सड़क का किया भूमि पूजन

शिक्षा मंत्री ने टुटूपानी-नालावन संपर्क सड़क का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क की लंबे समय से मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। सड़क का निर्माण लगभग 8 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा। इससे क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी तथा बागवानी और अन्य गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles