Wednesday, November 25, 2026

प्रगति नगर को विकासात्मक सौगात, शिक्षा के विस्तार को मिली नई उड़ान :  रोहित ठाकुर

शिक्षा मंत्री ने प्रगति नगर में 10.62 करोड़ से निर्मित आईटीआई भवन तथा 1.04 करोड़ से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का किया उद्घाटन
हिमाचल आजकल

शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम मानते हुए शैक्षणिक अधोसंरचना के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था और रोजगारोन्मुखी तकनीकी शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर शैक्षणिक मंच उपलब्ध करवाना सरकार की प्रतिबद्धता है, ताकि प्रतिभा और परिश्रम के आधार पर प्रत्येक विद्यार्थी को आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हो सकें।

शिक्षा मंत्री ने आज कोटखाई तहसील के प्रगति नगर प्रवास के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एबीवीजीआईईटी) में लगभग 10.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भवन तथा 1.04 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन कर इन्हें जनता को समर्पित किया। एबीवीजीआईईटी, प्रगति नगर में किए गए विकासात्मक कार्यों, नए शैक्षणिक पाठ्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्थान में नवंबर 2023 में लगभग 73 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकासात्मक कार्यों के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए गए थे। उन्होंने बताया कि नवंबर 2023 में संस्थान के 26 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बीटेक विंग भवन का उद्घाटन किया गया। इसके अतिरिक्त 1.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम का लोकार्पण किया गया, जबकि लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से पॉलिटेक्निक विंग भवन का शिलान्यास किया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से खेल परिसर का निर्माण तथा 1.50 करोड़ रुपये की लागत से मुख्य द्वार एवं परिसर के लैंडस्केप विकास का कार्य पूर्ण कर संस्थान को समर्पित किया गया। 

नए पाठ्यक्रमों से तकनीकी शिक्षा का हुआ विस्तार
शिक्षा मंत्री ने कहा कि संस्थान में विकास को केवल भवन निर्माण तक ही सीमित नहीं रखा गया, बल्कि विद्यार्थियों की आवश्यकताओं और वर्तमान औद्योगिक एवं रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप नए पाठ्यक्रम भी आरंभ किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 के बाद आईटीआई विंग में मैकेनिक इलेक्ट्रिकल व्हीकल, इंजीनियरिंग कॉलेज विंग में सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक तथा पॉलिटेक्निक विंग में सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2023 में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन में डिप्लोमा पाठ्यक्रम को पुनः आरंभ किया गया, जिसे पूर्व में बंद कर दिया गया था।
उन्होंने कहा कि इन शैक्षणिक पहलों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2022 में संस्थान के तीनों विंग में विद्यार्थियों की कुल संख्या लगभग 950 थी, जो अब बढ़कर 1500 से अधिक हो गई है। यह संस्थान की बढ़ती शैक्षणिक प्रतिष्ठा, उपलब्ध सुविधाओं और तकनीकी शिक्षा के प्रति युवाओं के बढ़ते रुझान का प्रमाण है।

लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने के प्रयास
रोहित ठाकुर ने बताया कि संस्थान में विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगभग 8.50 करोड़ रुपये की लागत से बालक छात्रावास तथा लगभग 08 करोड़ रुपये की लागत से टाइप-IV आवासीय भवन संख्या-2 का निर्माण प्रस्तावित है। इन कार्यों के पूर्ण होने से संस्थान में आवासीय सुविधाओं का विस्तार होगा तथा विद्यार्थियों और कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि संस्थान की आवश्यकताओं और प्रबंधन द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर रकार गंभीरता से विचार कर रही है तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बॉयज हॉस्टल एवं आवासीय कॉलोनी का निर्माण कार्य 31 मार्च 2027 तक करने के निर्देश दिए। 

केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में निर्णायक प्रगति
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कोटखाई क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि साबित होगी। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे तथा अभिभावकों को भी बेहतर शैक्षणिक विकल्प प्राप्त होंगे। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय से संबंधित निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसके लिए तकनीकी निविदा 1 दिसंबर, 2026 को तथा वित्तीय निविदा संभावित रूप से 15 दिसंबर, 2026 को खोले जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इस संबंध में शिलान्यास की जानकारी भी मांगी गई है तथा दिसंबर 2026 में माननीय प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किए जाने की संभावना है।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles