हिमाचल आजकल
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सोमवार को जुब्बल में 80 लाख रुपए से निर्मित 3 किलोमीटर लम्बी एक महत्वपूर्ण और बहु प्रतिक्षित चीवा कैंची से देवरा (जुब्बल) सड़क का लोकार्पण किया। शिक्षा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र जुब्बल नावर कोटखाई मे यह 209वीं सड़क है जिसका निर्माण और सफलतापूर्वक पासिंग की गई है। आने वाले समय मे इस सड़क को मुख्य बाज़ार जुब्बल से जोड़ा जायेगा।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने इस सड़क के निर्माण पर क्षेत्र के लोगों को शुभकामनायें दीं और बताया कि इस सड़क के निर्माण पर वह विशेष प्रसन्नता का अनुभव कर रहे क्यूंकि देवरा जुब्बल का एक प्रमुख गाँव है और रियासती समय से लेकर इस सड़क का कार्य लंबित पड़ा हुआ था। एक लम्बी समयावधि के बाद इस सड़क का निर्माण हुआ हुआ है। इस सड़क का सर्वेक्षण पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल के समय हुआ था किन्तु इस सड़क के बनने में काफ़ी समय लगा गया और आज देवरा निवासियों का यह स्वप्न पूरा हुआ है। इस सड़क के बनने से न केवल देवरा वासी लाभान्वित होंगे बल्कि क्यारी, नेहनार और गुंन्तु के निवासियों को भी इसका लाभ मिलेगा तथा विशेष रूप से सेब की बागवानी के नज़रिये से यह सड़क एक वरदान सिद्ध होगी।

रोहित ठाकुर ने बताया कि जुब्बल नावर कोटखाई वर्तमान समय में पुरे हिमाचल में विकास का पर्याय बन चुका है। जहाँ पर 850 करोड़ की लागत से सड़क और भवन निर्माण में विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर है और अगले वर्ष के अंत तक यह आंकड़ा 1000 करोड़ रुपए तक पहुंच जायेगा। साथ ही पिछले लगभग 4 वर्षों के दौरान बहुत सी विकासात्मक परियोजनाओं को जनता को समर्पित भी किया गया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में राष्ट्रीय राजमार्ग 705 (ठियोग-हाटकोटी मार्ग) और राष्ट्रीय राजमार्ग 707 (हाटकोटी-पावंटा मार्ग) के मरम्मत हेतू 75 करोड़ रूपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है और शीघ्र ही इन दोनों राजमार्गो को और अधिक बेहतर बनाया जायेगा।
सड़क निर्माण के कार्य पर बल देते हुए शिक्षा मंत्री ने बताया कि सड़के हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में भाग्य रेखाएं और विकास का पर्याय हैं। उन्होंने प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री यशवंत सिंह परमार सहित ठाकुर रामलाल और वीरभद्र सिंह को याद करते हुए बताया कि इन सभी महान नेताओं ने सड़कों के निर्माण पर विशेष बल दिया था और वह स्वयं भी सड़को के निर्माण को सदैव प्राथमिकता देते हैं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि सड़कों के निर्माण के अतिरिक्त जुब्बल नावर कोटखाई में करोड़ों रूपये की लागत से विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा जिसके तहत 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है जिसमें से 3 स्वास्थ्य केंद्रों को जनता को समर्पित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त जल शक्ति विभाग के अधीन 175 करोड़ रुपए के कार्य प्रगति पर हैं जिनमें से सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण परियोजना 38.08 करोड़ रुपए से तैयार की गई पब्बर नदी से उठाऊ पेयजल योजना है जो जनता को समर्पित की जा चुकी है। इस 17 किलोमीटर लंबी परियोजना से जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र की लगभग 23 पंचायतें लाभान्वित हो रही हैं।


| All Rights Reserved | Website By :