Wednesday, November 25, 2026

प्रदेश के विकास और आत्मनिर्भरता में शिक्षा काफी अहम आधारः सुक्खू


हिमाचल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी.एस. संधावालिया ने धर्मशाला में प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

हिमाचल आजकल


शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में डिग्रियां प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक यात्रा का एक पड़ाव मात्र नहीं है, बल्कि यह जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत भी है। यह वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और सपनों के साकार होने का उत्सव है। इस उपलब्धि को हासिल करने में विद्यार्थियों के माता-पिता और शिक्षकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिग्री विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण होने के साथ-साथ समाज और देश के प्रति उनकी जिम्मेदारी भी है। शिक्षा का अर्थ केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि सोचने, समझने, शोध करने, नवाचार और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत उसके शिक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक होते हैं।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, बायोटेक्नोलॉजी, डेटा साइंस और डिजिटल तकनीक के तेजी से विस्तार के दौर में शिक्षा व्यवस्था को युवाओं को रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ रोजगार सृजन, अनुसंधान और नवाचार के लिए भी तैयार करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को विकास और आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण आधार मानती है। हिमाचल के युवाओं को आधुनिक ज्ञान और तकनीक से जोड़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना सरकार का लक्ष्य है। प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए दूरदराज के गांवों में रहने वाले बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संसाधन पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गुणात्मक शिक्षा के मामले में हिमाचल प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2021 में प्रदेश देश में 21वें स्थान पर था जबकि अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। राज्य सरकार ने पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की है तथा 156 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है। अगले शैक्षणिक सत्र से 100 नए सीबीएसई स्कूल खोलने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए योग्य शिक्षकों की उपलब्धता जरूरी है। इसी दिशा में शिक्षा विभाग में 10 हजार पद भरे गए हैं जबकि तीन हजार और शिक्षकों की भर्ती की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की शिक्षा आर्थिक कमजोरी के कारण बाधित नहीं होनी चाहिए। शिक्षा में समानता को बढ़ावा देने के लिए आगामी शैक्षणिक सत्र से स्कूलों के प्रवेश फॉर्म से जाति संबंधी कॉलम हटाने का निर्णय लिया गया है। बच्चों की पहचान उनकी प्रतिभा और मेहनत से होनी चाहिए जबकि पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहले की तरह मिलता रहेगा।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles