Wednesday, November 25, 2026

केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के 40 वर्ष पूरे होने के बाद राज्य को मिलेगी 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी 

हिमाचल आजकल

शिमला। हिमाचल प्रदेश की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021 में संशोधन को मंजूरी प्रदान की है। इस संशोधन के तहत केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, जिनमें एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी शामिल हैं, द्वारा संचालित जलविद्युत परियोजनाओं के संचालन शुरू होने के 40 वर्ष पूरे होने के बाद मिलने वाली मुफ्त बिजली रॉयल्टी को बढ़ाया जाएगा। संशोधित प्रावधानों के अनुसार, इन परियोजनाओं को 40 वर्ष पूरे होने के बाद अगले 10 वर्षों तक राज्य सरकार को 50 प्रतिशत की बढ़ी हुई दर से मुफ्त बिजली रॉयल्टी देनी होगी। इसके बाद, परियोजना संचालित होने के 50 वर्ष पूरे होने पर संबंधित परियोजनाएं सभी प्रकार की देनदारियों से मुक्त होने के बाद बिना किसी लागत के राज्य सरकार को हस्तांतरित कर दी जाएंगी। इन प्रावधानों को लागू करने के लिए संबंधित केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के साथ अलग-अलग समझौते किए जाएंगे।

वर्तमान में मौजूदा नीति के तहत राज्य को मुफ्त बिजली रॉयल्टी के रूप में पहले 12 वर्षों तक 12 प्रतिशत, आगामी 18 वर्षों तक 18 प्रतिशत और शेष 10 वर्षों तक 30 प्रतिशत बिजली प्रदान की जाती है। 30 सितंबर, 2024 को अधिसूचित प्रावधान मुख्य रूप से केंद्रीय और राज्य सार्वजनिक उपक्रमों तथा संयुक्त क्षेत्र की संस्थाओं को आवंटित या आवंटित की जाने वाली परियोजनाओं पर लागू थे। 

इस संशोधन के दायरे में प्रदेश की कई प्रमुख जलविद्युत परियोजनाएं आएंगी। इनमें एनएचपीसी की बैरा स्यूल, चमेरा-1, चमेरा-2, चमेरा-3, पार्वती चरण-2 और पार्वती चरण-3 परियोजनाएं शामिल हैं। वहीं, एसजेवीएन की नाथपा झाकड़ी और रामपुर परियोजनाएं तथा एनटीपीसी की कोल बांध परियोजना भी इसके अंतर्गत आएंगी। उल्लेखनीय है कि बैरा स्यूल जलविद्युत परियोजना वर्ष 1982 में शुरू हुई थी और इसे व्यावसायिक रूप से संचालित हुए 40 वर्ष से अधिक का समय हो चुका है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार प्रदेशवासियों को अधिकतम लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य के प्राकृतिक संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि जलविद्युत राज्य की आय के प्रमुख स्रोतों में से एक है और यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि हिमाचल प्रदेश को अपने जल संसाधनों का उपयोग करने वाली परियोजनाओं में उसका उचित हिस्सा मिले।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles