भाजपा पर वोट चोरी, विधायक चोरी, चंदा चोरी और सरकार चोरी का लगाया आरोप
हिमाचल आजकल
शिमला। हिमाचल कांग्रेस ने संविधान दिवस के मौके पर संविधान रक्षा मार्च निकालकर भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा हमला बोला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। चौड़ा मैदान से शुरू हुआ मार्च रिज मैदान तक पहुंचा, जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना पढ़कर उसकी रक्षा का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अस्वस्थ होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
कांग्रेस ने संविधान रक्षा मार्च को केवल प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए देशव्यापी अभियान का हिस्सा बताया। मार्च के दौरान भाजपा के खिलाफ वोट चोरी, विधायक चोरी, चंदा चोरी और सरकार चोरी जैसे नारे लगाए गए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है तथा चुनावी प्रक्रिया को अपने राजनीतिक हितों के अनुरूप प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।
संविधान रक्षा मार्च की शुरुआत चौड़ा मैदान स्थित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मार्च करते हुए रिज मैदान पहुंचे। यहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कार्यकर्ताओं और नेताओं को संविधान की प्रस्तावना पढ़वाकर संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री की गैरमौजूदगी को लेकर प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने स्पष्ट किया कि उनकी मुख्यमंत्री से बात हुई थी और अस्वस्थ होने के चलते वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए।

इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि शिमला ऐतिहासिक भूमि है। यहां महात्मा गांधी की हत्यारे नाथूराम गोडसे का मुकदमा चला था। उन्होंने कहा कि गांधी के हत्यारे की विचारधारा को मानने वाले लोग संविधान की रक्षा नहीं कर सकते। अगर वे संविधान की रक्षा नहीं कर सकते तो उन्हें सत्ता और शासन छोड़ देना चाहिए।
रजनी पाटिल ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक चोरी करती है, सरकार चोरी करती है और चंदा चोरी करती है। अब महिला आरक्षण के बहाने परिसीमन (डीलिमिटेशन) को हथियार बनाकर किसी भी तरह सत्ता में बने रहने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर और ध्वस्त करने का काम किया है।
मुकेश अग्निहोत्री का आरोप, हिमाचल में सरकार चुराने का पूरा खाका तैयार था
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मार्च के दौरान केंद्र सरकार और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश में चंदा चोरी, वोट चोरी, विधायक चोरी, परीक्षा चोरी और सरकार चोरी जैसे मामले सामने आ रहे हैं। इसी के विरोध में कांग्रेस संविधान रक्षा मार्च निकाल रही है।
अग्निहोत्री ने हिमाचल प्रदेश की राजनीतिक उठापटक का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में ऑपरेशन लोटस के जरिए सरकार गिराने की कोशिश की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायकों की खरीद-फरोख्त के जरिए सरकार चुराने का पूरा खाका तैयार किया गया था, लेकिन कांग्रेस के विधायक एकजुट रहे और सरकार बच गई।
कांग्रेस ने मतदाता सूची से नाम हटाने और चुनावी प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि देश में करीब 1.30 करोड़ मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं और चुनावी प्रक्रिया का इस्तेमाल अपनी पसंद की सरकारें बनाने के लिए किया जा रहा है। डिप्टी सीएम ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए।


| All Rights Reserved | Website By :