Sunday, April 12, 2026

मुख्यमंत्री ने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 225 करोड़ रुपये लागत की 52 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए

हिमाचल आजकल

शिमला, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान पंजेहड़ा में 225 करोड़ रुपये लागत की 52 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए।
इसके उपरान्त, पंजेहड़ा के शोभां माजरा में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने रामशहर में खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय खोलने, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रामशहर को स्तरोन्नत कर 50 बिस्तर का करनेे, रामशहर में अग्निशमन उप-केन्द्र खोलने और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नालागढ़ को 200 बिस्तर के नागरिक अस्पताल में स्तरोन्नत करने की घोषणा की।
जय राम ठाकुर ने अन्धरोला में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खोलने, डोली में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने तथा पंजेहड़ा स्वास्थ्य उप-केन्द्र को स्तरोन्नत कर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र करने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में आज किए गए 225 करोड़ रुपये के उद्घाटन एवं शिलान्यास यह दर्शाते हैं कि प्रदेश सरकार ने सदैव ही इस क्षेत्र के विकास का पूरा ध्यान रखा है। उन्होंने कहा कि नालागढ़ में 5.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बस अड्डा राज्य के सबसे बड़े बस अड्डों में से एक है और इससे यहां बसों का सुगम परिचालन सुनिश्चित होगा। इस परियोजना के लिए समस्त बजट प्रावधान वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा ही किया गया है।  
जय राम ठाकुुर ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने गत वर्ष दिसम्बर माह में अपना चार वर्ष का कार्यकाल पूरा किया है। उन्होंने कहा कि नालागढ़ राज्य का पहला ऐसा क्षेत्र रहा है, जहां से पिछले लोकसभा चुनावों में 40 हजार से अधिक की बढ़त प्राप्त हुई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने कोरोना वैक्सीन जैसे संवेदनशील मामले पर भी केवल राजनीति ही की है। उन्होंने कहा कि राज्य में आज 50 से अधिक ऑक्सीजन संयंत्र हैं जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में इनकी संख्या केवल दो थी। महामारी के प्रारम्भ मंे राज्य में केवल 50 वेंटीलेटर थे, जबकि आज प्रदेश में एक हजार से अधिक वेंटीलेटर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में महिलाओं द्वारा 53 लाख से अधिक मास्क तैयार कर जरूरतमंदों में निःशुल्क वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि डॉक्टरांे, पैरामेडिकल स्टाफ, आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और दूसरे फ्रंट लाइन वर्कर ने इस स्थिति को सम्भालने में अपनी प्रमुख भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा निःशुल्क उपलब्ध करवाई गई स्वदेशी वैक्सीन के कारण ही आज देश और प्रदेश इस स्थिति से बेहतर ढंग से निपटने में सक्षम हो सका है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे देश में अपना आधार खो चुकी है और प्रदेश में भी यह पूरी तरह से धड़ों में बंटी हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस केवल दो सीटें ही जीत पाई जो भारतीय जनता पार्टी की लोकप्रियता को दर्शाता है और देश के लोगों द्वारा कांग्रेस को पूरी तरह से नकार दिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार अन्तिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर अपना ध्यान केन्द्रित कर रही है। वृद्धावस्था पेंशन योजना से वर्तमान में 7.50 लाख लाभार्थी लाभ प्राप्त कर रहे हैं और इस पर 1300 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार बजट दस्तावेजों के साथ प्रथम बार जेंडर बजट स्टेटमेंट भी प्रस्तुत की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आगंनवाड़ी सहायिकाओं, आशा वर्कर, सिलाई अध्यापिकाओं, मिड-डे मील वर्कर, जलवाहकों, जलरक्षक, मल्टी पर्पज वर्कर, पैराफिटर और पम्प ऑपरेटरांे के मासिक मानदेय में आशातीत बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि 50 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि व्यय कर गृहिणी सुविधा योजना के अन्तर्गत अतिरिक्त निःशुल्क सिलेण्डर प्रदान किए जाएंगे। हिमकेयर योजना के अन्तर्गत अब तीन वर्षों तक पंजीकरण किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि दिहाड़ादारों की दिहाड़ी में 50 रुपये की बढ़ोतरी कर इसे 350 रुपये प्रतिदिन किया गया है। शगुन योजना के अन्तर्गत बीपीएल परिवार की बेटी को उसके विवाह पर 31 हजार रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़कों पर बेसहारा घूमने वाले 20 हजार गौवंश को गौ सदनों एवं गौ अभयारण्यों में पहुंचाया गया है।
जय राम ठाकुर ने नालागढ़ में 5.60 करोड़ रुपये लागत से निर्मित नए बस अड्डा भवन, 57 लाख रुपये लागत के जैव-विविधता वन एवं इसकी मोबाइल ऐप्लीकेशन, नालागढ़ शहर के लिए 20 करोड़ रुपये लागत की मल निकासी योजना, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्याल नालागढ़ में 7.21 करोड़ रुपये लागत से निर्मित बहुद्देशीय हॉल व महाविद्यालय के लिए 1.46 करोड़ रुपये लागत के अतिरिक्त भवन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत स्तरोन्नत विभिन्न सड़कों जिनमें 9.76 करोड़ रुपये लागत की बरूना-करसोली सड़क, 3.02 करोड़ रुपये लागत की अन्दोरला ऊपरला से झाजरा सड़क, 4.30 करोड़ रुपये लागत की रेडू-झिरीवाला-भांगला सड़क तथा 5.84 करोड़ रुपये लागत की मांगता-प्लासी-माजरा सड़क, नाबार्ड के अन्तर्गत 2.86 करोड़ रुपये लागत की राजपुरा धांग ऊपरली धांग नेहली सड़क एवं चिकनी खड्ड पर निर्मित पुल, मंझोली चान्दपुर सड़क पर खानन खड्ड पर 75 लाख रुपये लागत से निर्मित पुल, ग्राम पंचायत बवासनी के लोधीवाला, बिसैण चमारण और कटल गांवों के सम्पर्क मार्ग पर चिकनी खड्ड (नदी) पर 71 लाख रुपये लागत से निर्मित पुल, कानणी से बिसैण चमारण काटलू पहाड़ी चिकनी सड़क पर 72 लाख रुपये लागत से चिकनी खड्ड पर निर्मित पुल, ग्राम पंचायत डोली और सौर के मध्य गम्बर खड्ड पर 1 करोड़ 42 लाख रुपये लागत के पैदल पुल और 81 लाख रुपये लागत से निर्मित राष्ट्रीय उच्च मार्ग-105 पर टीवीएस फैक्ट्री झिरीवाला से धूंधली सम्पर्क मार्ग का लोकार्पण किया।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles