रोहित ठाकुर ने सालना में आयोजित कब्बडी प्रतियोगिता में की शिरकत
हिमाचल आजकल
शिमला। जुब्बल नावर कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर ने कहा कि खेल हमें मानसिक और शारीरिक तौर पर मजबूत बनाते हैं। खेल गतिविधियों में युवाओं को इसमें बढ़चढक़र भाग लेना चाहिए। यह बात उन्होंने रविवार को कुड्डू पंचायत के तहत नव युवक मंडल सालना द्वारा आयोजित प्रथम राजकुमार मेमोरियल कब्बडी प्रतियोगिता के समापन समारोह में कही। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और युवाओं को नशे से बचकर खेल-कूद जैसी गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। एक समय था जब कब्बड्डी एक प्रचलित खेल हुआ करता था। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के साथ साथ बॉलीबाल और कब्बड्डी जैसे ग्रामीण स्तर पर खेलों को भी प्रोत्साहन देने की जरूरत हैं। उनका कहना है कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए जुब्बल नावर कोटखाई में ग्रामीण स्तर पर खेल मैदान को प्राथमिकता दी जाएगी।

रोहित ठाकुर ने कहा कि स्नैल से हाटकोटी के बीच बनने वाली लगभग 13 किलोमीटर सडक़ को राष्ट्रीय राजमार्ग-707 का दर्जा पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मिला। इस सडक़ का टेंडर पिछले साल 15 दिसंबर को ठेकादार को आवंटित कर दिया हैं। इस सडक़ के निर्माण पर 77. 68 करोड़ रूपए खर्च होंगे और सडक़ बनने से बागवानों को लाभ मिलेगा। कांग्रेस विधायक ने कहा कि उतराखंड राज्य की सीमा से लगती पंचायतों की एचटी लाईनों में अवांछित शॅटडाऊन की समस्या से निजात दिलाने लिए अंटी में 2.50 करोड़ की लागत से 22 केवी विद्युत उप नियंत्रण केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसका सीधा लाभ करीब 8000 बिजली उपभोक्ताओं को होगा। रोहित ठाकुर ने कहा कि अणु की सब्जी मंडी के शेष निर्माण कार्य को पूरा करने और भविष्य में सीए स्टोर स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान उनके साथ कौशल मुंगटा जिला परिषद सदस्य सरस्वती नगर वार्ड , पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत कूड्डू कंवर मोहिंदर, सिंह नागेन्द्र चौहान, कामेश्वर चौहान उप प्रधान ग्राम पंचायत कूड्डू, संजीव राजटा उप प्रधान ग्राम पंचायत कठासु , लोकिन्दर रपटा, हरदेव ठाकुर, संतोष शर्मा , प्रेम तांटा, संदीप सेहटा, विनोद झोबटा और रिशु तेजटा मौजूद रहे।


| All Rights Reserved | Website By :