Sunday, April 12, 2026

मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में आयोजित मीडिया महामंथन कॉन्क्लेव बात भारत की में भाग लिया 

हिमाचल आजकल

शिमला, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को नई दिल्ली में दो राष्ट्रीय साप्ताहिक  पत्रिकाओं पांचजन्य और ऑर्गेनाइजर (अंग्रेजी) के 75 वर्ष पूर्ण होने पर बात भारत की विषय पर आयोजित मीडिया महामंथन कॉन्क्लेव के सायंकालीन सत्र में संवाद करते हुए कहा कि भारत अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। यह गर्व की बात है कि इन दोनों साप्ताहिक पत्रिकाओं ने अपनी यात्रा के 75 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं और इसके लिए भारत प्रकाशन और आयोजक बधाई के पात्र हैं। 

एक दिवसीय बात भारत की कॉन्क्लेव में भाजपा शासित आठ राज्यों उत्तराखण्ड, हरियाणा, मणिपुर, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और असम के मुख्यमंत्रियों ने भाग लिया। इस कॉन्क्लेव में भारत के सांस्कृतिक और आर्थिक विकास, आजादी का अमृत महोत्सव, भारत का बहुआयामी विकास और भारत के गौरव से सम्बन्धित अन्य विषयों के साथ पांचजन्य और ऑर्गेनाइजर की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश

डाला गया

मुख्यमंत्री ने साप्ताहिक पत्रिकाओं की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पण्डित दीन दयाल उपाध्याय पांचजन्य के संस्थापक थे और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी 1948 में इसके पहले सम्पादक थे। उनके मार्गदर्शन में इन पत्रिकाओं ने अपनी पहचान बनाई और पत्रकारिता की श्रेष्ठता हासिल की। वर्ष 1947 में अंग्रेजी साप्ताहिक ऑर्गेनाइजर की शुरूआत की गई।

मुख्यमंत्री ने आम लोगों से जुड़े मुद्दों को खोज कर प्रकाशित करने पर बल देते हुए कहा कि पांचजन्य और अंग्रेजी साप्ताहिक ऑर्गेनाइजर ने सच्चे अर्थों में आम लोगों के हितों के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियांे के बावजूद इन दोनों प्रकाशनों ने बिना किसी दबाव और प्रभाव के राष्ट्रवाद को प्राथमिकता प्रदान की और सत्य के मार्ग पर आगे बढ़ते रहे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया और इन्टरनेट के वर्तमान दौर में समाचारों की कोई कमी नहीं है, परन्तु तथ्यात्मक जानकारी के साथ मूल्य आधारित समाचार प्रस्तुत करना वर्तमान मीडिया के लिए एक चुनौती है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि पांचजन्य और ऑर्गेनाइजर पिछले 75 वर्षों से बखूबी अपना काम कर रहे हैं। 

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत 9 करोड़ से अधिक लाभाथिर्यों को लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से केन्द्र सरकार द्वारा प्रति गैस सिलेण्डर 200 रुपये का अनुदान प्रदान करने की घोषणा की सराहना की। इसके अन्तर्गत लाभार्थियों को 12 सिलण्डरों तक सब्सिडी प्राप्त होगी। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा पेट्रोल के मूल्य में साढ़े 9 रुपये और डीजल के मूल्य में 7 रुपये की कटौती का भी स्वागत किया। उन्होंने उर्वरक की सब्सिडी के लिए पूर्व में 1.05 लाख करोड़ रुपये के अतिरिक्त 1.10 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान करने का भी स्वागत किया।

कॉन्क्लेव में चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी का कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है, क्योंकि वे खबरों में बने रहने के लिए दुष्प्रचार करते हैं। मुख्यमंत्री ने आप पार्टी पर तंज कसतेे हुए कहा कि वे पहाड़ नहीं चढ़ पाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल के बारे में राजनीतिक दूरदृष्टि के अभाव के कारण हाल ही में आप पार्टी की राज्य इकाई को भंग किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब का राजनीतिक परिदृष्य हिमाचल के परिदृष्य से अलग है और हिमाचल प्रदेश के लोग आप पार्टी के झूठे वायदों में नहीं आएंगे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles