Sunday, April 12, 2026

मण्डी में दूसरे राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक उच्चत्तर शिक्षा सर्व सुलभ बनाने की दिशा में कारगर कदम

प्रदेश के 35 विधानसभा क्षेत्रों के हजारों छात्रों को घर-द्वार के समीप मिल सकेगी उच्च शिक्षा

हिमाचल आजकल

शिमला , प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के दूरदर्शी नेतृत्व में उच्चत्तर शिक्षा के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों की स्थापना के साथ ही केंद्र सरकार से रूसा के माध्यम से प्राप्त अनुदान का समुचित उपयोग कर उच्च शिक्षण संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से संपन्न किया जा रहा है। मण्डी में दूसरे राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक उच्चत्तर शिक्षा सर्व सुलभ बनाने की दिशा में एक कारगर कदम साबित होगा।

हिमाचल प्रदेश के अस्तित्व में आने के पश्चात वर्ष 1970 में पहले राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना राजधानी शिमला में की गयी थी। इस विश्वविद्यालय ने उच्चत्तर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हिमाचली प्रतिभा को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय फलक पर पहचान दिलाई और यहां से निकल कर युवाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में अपने कार्यों की छाप छोड़ी।

इस विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा का उत्तरोत्तर विस्तार होता गया और शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई। नये महाविद्यालय प्रदेश में खोले गए। ऐसे में विश्वविद्यालय पर शैक्षणिक व प्रशासनिक बोझ बढ़ता जा रहा था और काफी समय से राज्य में सरकारी क्षेत्र में एक अन्य विश्वविद्यालय की जरूरत महसूस की जा रही थी। निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना से उच्चत्तर शिक्षा के प्रसार में काफी सहायता मिली, लेकिन दूसरे राज्य विश्वविद्यालय की आवश्यकता बनी रही।

वर्तमान प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में सत्ता संभालने के उपरांत मण्डी में शंकुल (क्लस्टर) विश्वविद्यालय की स्थापना कर प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों के युवाओं को घर के समीप उच्चत्तर शिक्षा की सुविधा की ओर पहला कदम बढ़ाया। अब इस विश्वविद्यालय को विस्तार देते हुए प्रदेश के दूसरे राज्य विश्वविद्यालय के रूप में स्थापित किया गया है। सरदार पटेल विश्वविद्यालय एक अप्रैल, 2022 को अस्तित्व में आया और 28 जून, 2022 को मुख्यमंत्री ने मण्डी में इसका विधिवत लोकार्पण किया।

सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मण्डी के अंतर्गत पांच जिलों कांगड़ा, चम्बा, कुल्लू, लाहौल-स्पिति और मण्डी के 141 राजकीय एवं निजी महाविद्यालय आएंगे। इनमें 68 राजकीय महाविद्यालय, 36 बी.एड. कॉलेज व 8 संस्कृत महाविद्यालयों सहित अन्य महाविद्यालय शामिल हैं। शेष सात जिलों शिमला, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, सिरमौर, सोलन एवं किन्नौर के 160 महाविद्यालय हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के अधीन रहेंगे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles