Sunday, April 12, 2026

कांग्रेस के मीडिया डिपार्टमेंट ने विधानसभा चुनावों को लेकर तैयार की रणनीति

हिमाचल आजकल

शिमला। कांग्रेस के मिडिया डिपार्टमेंट ने आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने को लेकर रणनीति तैयार कर दी है। मीडिया डिपार्टमेंट न केवल भाजपा के झूठे प्रचार का पर्दाफाश करेगा बल्कि कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता के बीच ले जाएगा। शुक्रवार को कांग्रेस के मिडिया-सोशल मीडिया डिपार्टमेंट द्वारा पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में एक वर्कशाप का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के कांग्रेस के सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

हिमाचल कांग्रेस मीडिया डिपार्टमेंट के चेरयमैन  नरेश चौहान ने वर्कशाप में एआईसीसी मीडिया एंड पब्लिसिटी चेयरमैन पवन खेड़ा, एआईसीसी सोशल मीडिया चेयरमैन सुप्रिया श्रीनिते, एआईसीसी के प्रवक्ता आनंद माधव, आलोक शर्मा, विंग कमांडर अनुमा आचार्य सहित अन्य नेताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस वर्कशाप से कार्यकर्ताओं को सीखने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि वर्कशाप में वरिष्ठ नेताओं के दिए दिशा निर्देशों,  बहुमूल्य सुझावों को धरातल पर उतारने का काम किया जाएगा और पार्टी की जीत सुनिश्चित करेगा।

एआईसीसी मीडिया एंड पब्लिसिटी चेयरमैन पवन खेड़ा ने कार्यकर्ताओं से पूरे जुनून से कार्य करने का आवाहन किया और कहा कि अगर सभी कार्यकर्ता पूरे जोश से काम करेंगे तो कोई भी कांग्रेस को सता में आने से नहीं रोक सकता।

इस मौके पर कांग्रेस के हिमाचल सहप्रभारी संजय दत्त ने कहा है कि हिमाचल में जनता बदलाव चाहती है। संजय दत्त ने कहा कि जयराम सरकार हर मोर्चे पर नाकाम रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में बड़ा उत्साह है और वह पार्टी के लिए तनमन से पूरा कार्य कर रहे हैं।

संजय दत्त ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने बीते आठ साल से देश और हिमाचल की जयराम सरकार ने बीते पांच सालों से प्रदेश को लूटा है। ऐसे में जनता अब बदलाव चाह रही है।

एआईसीसी सोशल मीडिया चेयरमैन सुप्रिया श्रीनिते कांग्रेस सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं से कहा कि उनकी भूमिका अहम है, इसलिए उनको जिम्मेदारी भी बहुत बड़ी है।  उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आवाहन किया कि वे पूरी ताकत से काम करें क्योंकि आज सभी का लक्ष्य वर्तमान नाकाम सरकार को सता से बाहर फैंकना है।

कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने कार्यकर्ताओं का आवाहन किया कि वे कांग्रेस सरकार की नीतियों को जनता के बीच लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में विकास पूर्व कांग्रेस सरकारों की देन रहा है। उन्होंने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह ने प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाई है और जनता के बीच कार्यों को लेकर कार्यकर्ताओं को जाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मीडिया और सोशल मीडिया विंग इसमें अहम भूमिका निभा सकता है।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles