पेंशन पर कांग्रेस 450 करोड़ तो बीजेपी सरकार खर्च रही 1300 करोड़
हिमाचल आजकल
शिमला। खाद् आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने कहा कि जिस पार्टी के मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से दिल्ली पेशी भुगतने के लिए जाते थे, वो फिजूलखर्ची को लेकर भाजपा सरकार को ज्ञान न दे। कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह व मुकेश अग्रिहोत्री पर पलटवार करते हुए बलदेव तोमर ने कहा कि कांग्रेस के नेता हर समय लोन लेने की बात करते हैं, लेकिन वो यह नहीं बताते कि वर्ष 2017 में जब कांग्रेस सरकार की विदाई हुई तो हिमाचल प्रदेश पर 47 हजार करोड़ से ज्यादा का कर्जा छोड़ गए। वीरभद्र सरकार ने 2012 से लेकर 2017 तक रिकर्ड 28 हजार करोड़ रूपए से ज्यादा कर्ज लिया। जबकि उस समय तो कोविड जैसी वैश्विक महामारी भी नहीं थी।
उनका कहना है कि सामान्य परिस्थितियों में भी इतना ज्यादा ऋण लेने के बाद भी कांग्रेस सरकार आम लोगों के लिए तो एक भी योजना नहीं चला सकी। फिर कांग्रेस ने पैसे कहां खर्च किए। कांग्रेस सरकार के समय न तो आम जनता के मुफ्त इलाज के लिए हिमकेयर योजना थी और न ही सहारा योजना थी। बलदेव तोमर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय केवल 4 लाख 13 हजार लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जाती थी और केवल 450 करोड़ ही खर्च होते थे। जबकि जयराम सरकार में 7 लाख 20 हजार 500 लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। हर साल 1300 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्या आम लोगों की सामाजिक सुरक्षा पर पैसे खर्च करना फिजूल खर्ची है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताए वो इतना भारी कर्ज लेने के बाद भी न तो आम लोगों के लिए कोई योजना चला सकी न ही कर्मचारियों के मुद्दे सुलझा सकी।


| All Rights Reserved | Website By :