हिमाचल आजकल
शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सहकारी समितियां ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के साथ-साथ सरकार द्वारा चलाई जा रही सार्वजनिक वितरण योजना, उर्वरक और कृषि उपकरणों के वितरण के प्रभावी कार्यान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। यह बात उन्होंने 68वें अखिल भारतीय सहकारिता सप्ताह के अवसर पर ऊना विधानसभा क्षेत्र के मैहतपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को सम्बोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि वर्ष 1892 में ऊना के पंजावर गांव में भारत की पहली सहकारी समिति का गठन हुआ। उन्होंने राज्य के लोगों से सहकारिता आंदोलन में समर्पण के साथ योगदान देने का आग्रह किया, ताकि राज्य सहकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सके। उन्होंने कहा कि सहकारिता सप्ताह का विषय सहकारिता से समृद्घि है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 4843 विभिन्न प्रकार की सहकारी समितियां कार्यरत हैं, जिनमें 17. 03 लाख सदस्यों के पास 490 करोड़ रुपये के शेयर, 32788 करोड़ रुपये कोलेट्रल और 42863. 49 करोड़ रुपए कार्यशील पूंजी के रूप में हैं।
उन्होंने ने इस अवसर पर राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम द्वारा अनुमोदित ऊना जिले के लिए 25. 09 करोड़ रुपए की एकीकृत सहकारी विकास परियोजना का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस एकीत सहकारी परियोजना के क्रियान्वयन से जिले की 378 विभिन्न प्रकार की सहकारी संस्थाआें को अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, बुनियादी ढांचे के निर्माण, गोदामों के निर्माण और मरम्मत और उनकी कार्यशील पूंजी बढ़ाने के लिए वित्तीय सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सहकारिता के महत्व को समझते हुए सहकारिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने 116 करोड़ रुपए लागत की 457 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन सभी परियोजनाआें से क्षेत्र के विकास में तेजी आएगी॥
जयराम ठाकुर ने कहा कि वैश्विक महामारी के समय में भी राज्य ने यह सुनिश्चित किया कि विकास की गति निर्बाध चलती रहे। उन्होंने कहा कि पीजीआई का 450 करोड़ रुपए का सैटेलाइट केन्द्र, इंडियन ऑयल का 550 करोड़ रुपए का डिपू, ऊना में 35 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक बस अड्डा, 20 करोड़ रुपए का मातृ शिशु अस्पताल ऊना परियोजनाआें को क्षेत्र के लोगों को समर्पित किया।
मुख्यमंत्री जलापूर्ति योजना वार्ड नंबर 10 मोहल्ला बैहली ऊना में 45 लाख ट्यूबवैल, जोन ए, बी और सी के लिए 2.50 करोड़ रुपए के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट ,ईंट-भट्टे के समीप बेहदला में 52 लाख रुपए के ट्यूबवैल, बेहदला में बाग के समीप 47 लाख रुपए के ट्यूबवैल, ग्राम पंचायत जनकौर में 48 लाख रुपए के ट्यूबवैल, ग्राम पंचायत मलहाट (मोहल्ला लवाना) 45 लाख रुपए, ग्राम पंचायत बहारोलियां खुर्द के समीप 45 लाख रुपये के ट्यूबवैल, जलग्रां में 48 लाख रुपए के ट्यूबवैल और जलग्रां में 25 लाख रुपए से निर्मित कनिष्ठ अभियंता कार्यालय का उद्घाटन किया।
जय राम ठाकुर ने ऊना में 3.74 करोड़ रुपये के ईवीएम और वीवीपीएटी भवन, दिलीप चंद के घर से शमशान घाट और चतरा से बनोर महादेव तक 2.58 करोड रुपये की लागत से सडक़ का सुधार व चौड़ीकरण, 1.46 करोड़ रुपये की लागत से सहायक अभियंता कार्यालय एवं मैकेनिक वर्कशॉप रामपुर, 83 लाख रुपये की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सासां में चार क्लास रूम, राजकीय उच्च विद्यालय अजौली में 64 लाख रुपये की लागत से चार क्लास रूम, श्रम कार्यालय ऊना में 60 लाख रुपये से निर्मित अतिरिक्त खण्ड और 25 करोड़ रुपये की लागत के एकीत सहकारी विकास परियोजना जिला ऊना के उद्घाटन किए।


| All Rights Reserved | Website By :