Sunday, April 12, 2026

कांग्रेस के बिना नहीं हो सकती है कोई भी विपक्षी एकता – केसी त्यागी

हिमाचल में कांग्रेस की जीत 2024 के होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए आधारशिला का करेगी काम

हिमाचल आजकल

शिमला। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय महासचिव व मुख्य प्रवक्ता केसी त्यागी ने दो टूक कहा है कि बिना कांग्रेस के विपक्षी एकता संभव नहीं है। साथ ही स्पष्ट किया कि बिहार के मख्यमंत्री नीतीश कुमार 2024 में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं है। वह केवल प्रबंधक हैं और सभी विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने के काम में लगे हैं, क्योंकि वह संपूर्ण विपक्षी एकता के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल विधानसभा के चुनावों में कांग्रेस की जीत के राष्ट्रीय स्तर पर बहुत मायने हैं और इसका संदेश पूरे देश में जाने वाला है। वे यहां प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।

केसी त्यागी ने कहा कि जब से नीतीश कुमार ने एनडीए को छोड़ा है, तब से विपक्षी नेता एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे विपक्षी एकता के पक्षधर हैं और नीतीश कुमार का मानना है कि कांग्रेस के बिना कोई विकल्प नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा की आज देश के लिए भाजपा को हराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की जीत 2024 के होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए आधारशिला का काम करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष की एकता के लिए भी हिमाचल में कांग्रेस की जीत जरूरी है। इस पहाड़ी राज्य में कांग्रेस की जीत 2024 से लोकसभा चुनाव का दरवाजा खुलेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल भले ही छोटा राज्य है, लेकिन राष्ट्रीय राजनीति पर इसका प्रभाव बहुत पड़ने वाला है।

त्यागी ने कहा कि हिमाचल में किसानों को किसी भी उत्पाद पर एमएसपी नहीं मिलता, जबकि यह जरूरी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सत्ता में आने पर सभी फलों व सब्जियों के लिए एमएसपी देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इसका वादा हिमाचल की जनता से किया है और एक माह के भीतर संबंध में फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेब बागवानों की भी सभी समस्याओं का समाधान कांग्रेस करने वाली है। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के बाद केंद्र सरकार ने एक कमेटी बनाकर एमएसपी की बात कही थी और जो कमेटी बनी, उसमें 99 फीसदी सदस्य वे थे, जो एमएसपी के विरोध में थे। उन्होंने कहा कि इस कमेटी का भी कोई फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में किसानों को उनके उत्पादों पर सही एमएसपी मिलेगा।

त्यागी ने कहा कि आज देश में जिस तरह का माहौल बना है, उसके लिए विपक्ष की एकता जरूरी है। आज स्वायत संस्थानों का भारी दबाव है और ईडी और सीबीआई विपक्ष के दबाने के लिए केंद्र सरकार के औजार बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश में संवैधानिक मूल्यों का अवमूल्यन हो रहा है और महंगाई ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। साथ ही बेरोजगार से युवा परेशान हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी एकता ही उनका चेहरा है और वे सबको साथ करेंगे। इस मौके पर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव अमित पाल सिंह, प्रदेश प्रवक्ता सौरभ चौहान और पार्टी नेता कुलराकेश पंत थे।

बाक्स

हिमाचल में कांग्रेस का समर्थन करने आए

केसी त्यागी ने कहा कि वे यहां कांग्रेस का समर्थन करने आए हैं। उन्होंने कहा कि वे यहां पर कांग्रेस के लिए मतदाताओं से अपील करेंगे और देश हित में ऐसा क्यों जरूरी है, बताएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल में माहौल कांग्रेस के पक्ष में है और यहां पर कांग्रेस की जीत का संदेश पूरे देश में जाने वाला है। क्योंकि हिमाचल के बाद देश के कई और राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इनमें राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश आदि शामिल हैं और इन राज्यों में भी इस जीत का असर दिखेगा और फिर 2024 में भाजपा के खिलाफ एक मजबूत विपक्ष खड़ा होगा।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles