हिमाचल आजकल
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने पार्टी कार्याकर्ताओं से से एकजुट होकर विधानसभा चुनावों के लिए अभी से मैदान में डट जाने को कहा है। उन्होंने कहा है कि मंडी संसदीय क्षेत्र सहित तीन विधानसभा उप चुनावों में कांग्रेस के शानदार प्रदर्शन से साफ हो गया है कि प्रदेश बदलाव की आेर चल पड़ा है और अगले साल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में ठियोग कुमारसैन ब्लॉक कांग्रेस द्वारा उप चुनावों में जीत की खुशी में उनके सम्मान में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए राठौर ने कहा कि ठियोग कुमारसैन विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ रहा है और उसे फिर से कांग्रेस की झोली में डालना है। पूर्व मंत्री स्व. जय विहारी लाल खाची व कांग्रेस की वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स ने इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया व विकास के पथ को बढ़ाया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डा. यशवंत सिंह परमार ने प्रदेश की नींव रखी इसी के साथ स्व.वीरभद्र सिंह की विकास की विरासत कांग्रेस के पास है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भाजपा सरकार की भ्रष्ट नीतियां और तानाशाही से आज देश प्रदेश का हर वर्ग परेशान है,लोग बदलाव चाहते है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को महंगाई व बेरोजगारी नजर नहीं आती व वह उसे कोई मुद्दा भी नहीं मानते जबकि वास्तविकता यह है की लोगों ने बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ अपना मत दिया है और प्रदेश सरकार ने चुनाव परिणामों के बाद जनमत खो दिया है। राठौर ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी के साथ साथ प्रदेश में कांग्रेस के हर कार्यकर्ता की जीत हुई है।


| All Rights Reserved | Website By :