हिमाचल आजकल
धर्मशाला। हिमाचल में सामान्य वर्ग आयोग का गठन होगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को विधानसभा में सामान्य वर्ग आयोग के गठन का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आयोग का गठन मध्य प्रदेश की तर्ज पर किया जाएगा। आयोग के गठन का ऐलान करते हुए उन्होंने इस मांग को लेकर आंदोलनरत विभिन्न संगठनों से घर वापसी की अपील की।
इससे पहले धर्मशाला विधानसभा परिसर का विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने घेराव किया। आयोग के गठन की मांग को लेकर हजारों की तादाद में धर्मशाला पहुंचे विभिन्न संगठनों के सदस्यों को काबू करने में पुलिस व प्रशासन को खासी मशक्कत करनी पड़ी। यहां तक कि मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, डीजीपी संजय कुंडू, कांगड़ा के डीसी निपुण जिंदल, एसपी कुशाल शर्मा समेत कई अधिकारी आंदोलन कर रहे युवाओं की मानमनौव्वल के लिए उन तक पहुंचे। सरकार के तमाम काबीना मंत्री भी बातचीत के लिए युवाओं के पास गए, मगर अंत में मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद ही युवा शांत हुए।
इसके बाद सदन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस संबंध में एक विशेष वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग के नौजवान आयोग के गठन की मांग कर रहे हैं। सरकार ने अधिकारियों और मंत्रियों के साथ विचार-विमर्श के बाद आयोग के गठन का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि बिहार व मध्य प्रदेश में सामान्य वर्ग आयोग गठित किए गए हैं। बिहार में यह आयोग बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में मध्य प्रदेश की तर्ज पर इसका गठन किया जाएगा। सरकार कानूनी प्रावधानों के तहत आयोग का गठन कर जल्द ही इसकी अधिसूचना जारी करेगी।


| All Rights Reserved | Website By :