Sunday, August 2, 2026

किसानों व बागवानों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता : रोहित ठाकुर

शिक्षा मंत्री ने बडियार में 30 लाख से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन का किया शिलान्यास
हिमाचल आजकल
शिमला । शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों व बागवानों के हितों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्घ है। उन्होंने कहा कि जुब्बल नावर कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा ताकि स्थानीय युवाआें को रोजगार व स्वरोजगार के साधन उपलब्ध हो सके और उनकी आर्थिकी में इजाफा हो सके। शिक्षा मंत्री ने रविवार को जुब्बल उपमंडल की नंदपुर पंचायत के गांव बडियार में 30 लाख रुपए से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन का शिलान्यास किया।उन्होंने इस अवसर पर कहा कि इस भवन के निर्माण से स्थानीय लोगों को सामुदायिक आयोजन करने में आसानी होगी और परस्पर सद्भाव बना रहेगा।
शिक्षा मंत्री ने बाद में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नंदपुर में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सरकारी व निजी स्कूलों के अंतर को समाप्त करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार ग्रामीण परिवेश के छात्र छात्राआें को घर द्वार पर बेहतर शिक्षा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए कटिबद्घ है और शीघ्र ही राज्य में शिक्षकों के 6000 पद भरे जाएंगे। शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नंदपुर के भवन के लिए 40 लाख रुपए की राशि प्रदान करने और मैदान को समतल करने के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाली स्कूली छात्राआें को 20 हजार रुपए की राशि प्रदान की।


बॉकस
प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत 300 करोड़ मंजूर
रोहित ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत जुब्बल नावर कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के लिए 300 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं और नंदपुर क्षेत्र में सडक़ों को मजबूत करने के लिए 1 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त मेहंदाली टिक्कर सडक़ पर कार्य प्रगति पर है।
बॉक्स
पंचायत घर नंदपुर में सुनी जनसमस्याएं
शिक्षा मंत्री ने पंचायत घर नंदपुर में स्थानीय लोगों की जन समस्याएं सुनी और उनके साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याआें का त्वरित समाधान किया। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्घ सीमा में कार्य पूर्ण करने के आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इससे पूर्व स्थानीय प्रधान सुमन ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र की समस्याआें से अवगत करवाया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता भीम सिंह झौटा, मोती लाल सिथटा, उपमंडल दण्डाधिकारी जुब्बल राजीव सांख्यान, खंड विकास अधिकारी जुब्बल करण सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, पंचायत जनप्रतिनिधि और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles