शिक्षा मंत्री ने राजकीय उच्च विद्यालय खड़ापत्थर भवन का किया शिलान्यास
हिमाचल आजकल
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल नावर कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में गुणात्मक शिक्षा का विस्तार किया जाएगा और शिक्षकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार निर्धन व शोषित वर्गों के विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत एक प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि कोई भी निर्धन विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहे। शिक्षा मंत्री ने शनिवार को जुब्बल उपमंडल के खड़ापत्थर में 80 लाख रुपए से निर्मित होने वाले राजकीय उच्च विद्यालय भवन का शिलान्यास किया।

इसके बाद रोहित ठाकुर ने शुराचली क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक पाठशाला टूरान में 25 लाख रुपये से निर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जुब्बल नावर कोटखाई क्षेत्र में संतुलित विकास सुनिश्चित किया जाएगा और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया जाएगा।
रोहित ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में संपर्क मार्गो को मजबूत किया जाएगा और किसानों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी ताकि उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर बन सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू किसानों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं और इसी दिशा में किसानों को अनुदान पर कीटनाशक व खाद उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। शिक्षा मंत्री ने दो किलोमीटर धार से खार संपर्क मार्ग का उद्घाटन किया।


| All Rights Reserved | Website By :