Monday, August 3, 2026

कोटगढ़ के पनेवली गांव में भूस्खलन से एक परिवार के तीन लोगों की मौत

पनेवली गांव पहुंचे विधायक कुलदीप राठौर, मौके पर दी राहत

हिमाचल आजकल
शिमला। जिला के कोटगढ़ इलाके में मलबे में दबने से दंपति और बच्चे की मौत हो गई और दो अन्य चोटिल हुए। भूस्खलन की ये घटना ठियोग कुमारसेन विधानसभा क्षेत्र की उप तहसील कोटगढ़ के ग्राम पंचायत मधावनी के पनेवली गांव में हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय विधायक व कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर मौके पर पहुंचे। उनके साथ एसडीएम कुमारसेन व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। भूस्खलन की घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया व दिवंगत आत्माआें की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। राठौर ने परिवार के सदस्यों से बातचीत की व उन्हें सरकार की तरफ से हर संभव सहायता मुहैया करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने एच्छिक निधि से प्रभावित परिवार को 50 हजार रुपए जारी किए। वहीं राज्य सरकार की आेर से 1 लाख रुपए राहत राशि जारी की गई है। इसके अलावा तरपाल, राशन सहित अन्य सामान भी प्रभावित परिवार को मुहैया करवाया गया।


बता दें कि बीती रात एक मकान भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुआ है। मकान में पांच लोगों का परिवार रह रहा था। भारी वर्षा के कारण चट्टान युक्त मलबा इस मकान पर गिर पड़ा। इस मकान में दंपति समेत छह लोग सो रहे थे। इसमें अनिल (32) पुत्र जयचंद, किरण (31) पत्नी अनिल और स्वप्रिल (11) पुत्र अनिल की मलबे में दबने के कारण मौत हो गई है। तीनों के शवों को निकालल दिया गया है। परिवार के अन्य सदस्यों जयचंद और उनकी पत्नी बीना देवी को हल्की चोटें आई है। हादसे में वे बाल बाल बच गए। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों, रिश्तेदारों को सौंप दिया गया है।
कुलदीप राठौर ने ठियोग विधानसभा क्षेत्र में बारिश से हुए नुकसान व राहत कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बंद पड़ी सडक़ों को तुरंत खोलने के निर्देश दिए।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles