विक्रमादित्य सिंह ने नितिन गडकरी को बारिश से हुए नुकसान से अवगत करवाया
हिमाचल आजकल
शिमला। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दिल्ली में केन्द्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को हिमाचल में भारी बारिश, भूस्खलन और बादल फटने से राष्ट्रीय राजमार्गों को हुए नुकसान से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्गों को जोडऩे वाले राज्य लोक निर्माण विभाग के क्षतिग्रस्त पुलों के पुनर्निर्माण के लिए सेतु भारतम योजना के तहत 300 करोड़ रुपए प्रदान करनेे का आश्वासन दिया है। केन्द्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर ब्लैक स्पट की पहचान कर समस्या का स्थायी समाधान करने के भी निर्देश दिए। विक्रमादित्य सिंह ने वीरवार को दिल्ली में नितिन गडकरी से मुलाकात की।
उन्होंने केन्द्रीय मंत्री को प्रदेश में विभिन्न सडक़ों एवं पुलों को हुए भारी नुकसान से भी अवगत करवाया। उन्होंने आग्रह किया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को क्षतिग्रस्त सडक़ों एवं पुलों के बारे में दी गई नुकसान के आकलन की रिपोर्ट के अनुसार वित्तीय राशि शीघ्र उपलब्ध करवाई जाए।
उन्होंने पंडोह, भुंतर, कुल्लू, रायसन, कटराईं और मनाली क्षेत्र के पुलों के अलावा मनाली-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग, नालागढ़ पुल और प्रदेश लोक निर्माण विभाग के अन्य पुलों और सडक़ों की शीघ्र बहाली और मरम्मत करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यातायात को सुचारू करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों को जोडऩे वाली सडक़ों एवं पुलों तथा चक्की पठानकोट पुल को तत्काल बहाल करने और मरम्मत की जरूरत है।उन्होंने राज्य लोक निर्माण विभाग के पुलों की बहाली एवं मरम्मत के लिए धन उपलब्ध करवाने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए ताकि राज्य लोक निर्माण विभाग की सडक़ों को वैकल्पिक सडक़ों के रूप में राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ा जा सके।


| All Rights Reserved | Website By :