प्रदेश सरकार ने लोक निमार्ण विभाग को 20 करोड़ स्वीकृत किए
हिमाचल आजकल
शिमला। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश व बादल फटने के कारण प्रदेश में जान माल का बहुत नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत व पुनर्वास कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने 20 करोड़ रुपए की राशि लोक निर्माण विभाग को स्वीकृत की गई है, ताकि क्षतिग्रस्त पुलों व सडक़ों को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल किया जा सके। भारी बारिश व बादल फटने की घटनाआें के कारण लोक निर्माण विभाग को प्रारंभिक आंकलन के अनुसार लगभग 300 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। जिला मंडी के पधर में बादल फटने के कारण सडक़ अभी भी यातायात के लिए बंद है, जिसे शीघ्र बहाल करने के प्रयास जारी हैं। इसके अलावा जिला शिमला व कुल्लू में भी राहत एवं बचाव अभियान जारी हैं और प्रभावितों को सरकार द्वारा हर संभव सहायता दी जा रही है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उन्होंने पधर क्षेत्र का दौरा किया है और प्रभावितों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया गया है। सर्वाधिक प्रभावित तीन जिलों कुल्लू, मंडी और शिमला के उपायुक्त आपदा ग्रस्त क्षेत्रों में लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। विभाग द्वारा चार नई पोकलेन मशीनें और कुछ जेसीबी तलाशी अभियान को गति प्रदान करने के लिए दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि गत वर्ष भी टीसीपी एवं साडा मापदंडों के अनुरूप सरकार द्वारा नदी नालों से 100 मीटर की दूरी तक निर्माण कार्य पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया था। इस फैसले को कड़ाई से लागू करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना-4 का कार्य भी शुरू होने वाला है। इसके तहत 100 से 200 तक की आबादी वाले गावों में सडक़ें बनाने को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्राकृतिक आपदा से लोक निर्माण विभाग को 300 करोड़ का नुकसान : विक्रमादित्य सिंह
Get in Touch


| All Rights Reserved | Website By :