हिमाचल आजकल
शिमला, पत्रकार साल भर प्रतिदिन 24 घंटे समाचार संकलन का काम करता है। हम दिन रात जो समाचार देखते या पढ़ते हैं उसके पीछे पत्रकार की बड़ी मेहनत होती है, जो परिवार की मदद के बिना नहीं हो सकता है। निदेशक, सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग, आईएएस हरबंस सिंह ब्रसकोन ने यह विचार विश्व संवाद केन्द्र शिमला द्वारा शिमला में आयोजित पत्रकार परिवार मिलन कार्यक्रम में रखे। उन्होंने कहा कि सूचना के युग में समाचारों का महत्व काफी बढ़ा है। हर व्यक्ति प्रातः से सायं जानना चाहता है कि उसके आसपास और पूरे विश्व भर में क्या घटित हो रहा है। ऐसे में पत्रकारों की भूमिका काफी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि मीडिया अगर सकारात्मक भूमिका अदा करे तो किसी व्यक्ति, संस्था, समूह और देश को आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक रूप से समृद्ध बनाया जा सकता है। वर्तमान दौर में मीडिया की उपयोगिता और इसकी भूमिका निरंतर बढ़ती जा रही है, सूचना के इस युग में सूचना से जुड़ना प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक हो गया है, ऐसे में मीडिया कर्मियों को समाज को तथ्यों पर आधारित सूचना उपलब्ध करवानी चाहिए ताकि समाज में कभी भी किसी भी तरह का भ्रम उत्पन्न न हो।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता हार्दिक मेहता, विवेकानंद केन्द्र कन्याकुमारी के अखिल भारतीय आईटी संगठक द्वारा विचार रखे गए। उन्होंने व्यक्तिगत ध्येय को साथ में रखते हुए परिवारों की सोच के आधार पर अपना जीवन जीने की सलाह दी। साथ ही विघटनकारी पत्रकारिता के स्थान पर पूरे समाज और राष्ट्र के लिए पत्रकारिता करने पर भी बल दिया।
इस दौरान सरस्वती विद्यामंदिर हिमरश्मि परिसर विकासनगर में पत्रकारों व उनके परिवारों के लिए विभिन्न प्रकार की खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गई, जिसमें विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कार व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।


| All Rights Reserved | Website By :