दल बदल कानून के तहत कार्रवाई करें विधानसभा अध्यक्ष
हिमाचल आजकल
शिमला। हिमाचल कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष व स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा में शामिल हुए निर्दलीय विधायकों होशियार सिंह व प्रकाश राणा को अयोग्य घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष दल बदल कानून के तहत दोनों विधायकों के खिलाफ कार्रवाई करें। प्रकाश राणा व होशियार सिंह ने जोगिंद्रनगर व देहरा की जनता की भावनाआें से खिलवाड़ किया है। उनका कहना है कि दोनों विधानसभा क्षेत्र की जनता ने प्रकाश राणा व होशियार सिंह को भाजपा के खिलाफ जनादेश देकर विधानसभा भेजा था। दोनों निर्दलीय विधायक अब भाजपा में शामिल हो गए हैं, इसलिए उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द की जानी चाहिए। उन पर दल-बदल कानून लागू होता है। विधानसभा अध्यक्ष स्वत संज्ञान लेते हुए इनके खिलाफ कार्रवाई करें। इन्हें अब विधानसभा सदस्य रहने का कोई अधिकार नहीं है। सुक्खू ने कहा कि जनता ने इन दोनों को निर्दलीय चुनकर विधानसभा भेजा था। भाजपा में शामिल होने से पहले ये विधायक पद से इस्तीफा देते। उनका कहना है कि भाजपा का पत्ता विधानसभा चुनाव में पूरी तरह साफ होने वाला है। दोनों विधायक डूबती नैया में सवार हुए हैं।


| All Rights Reserved | Website By :