फल मंडी में 1800 में बिकी नाशपाती की एक पेटी
हिमाचल आजकल
शिमला। हिमाचल की फल मंडियों में बागवानों को सेब के अच्छे दाम मिलने लगे है। प्रदेश के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों सेब मंडियों में पहुंचने लगा है। सेब सीजन के शुरूआती दौर में अर्ली वैरायटी का सेब मंडियों में दस्तक दे रहा है। शिमला की भट्ठाकुफर फल मंडी में मंगलवार को टाइडमैन सेब की एक पेटी 1900 रूपए में बिकी है। जबकि नाशपाती की एक पेटी 1800 रूपए में बिकी है।
सूबे में जुलाई महीने में सेब सीजन रफ्तार पकडऩी शुरू कर देगा। सेब सीजन के शुरू में बागवानों को सेब के अच्छे दाम मिलने लगे है। इस बार सेब सीजन दस दिन पहले शुरू होने जा रहा है। प्रदेश के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अर्ली वैरायटी के सेब फल मंडियों में आना शुरू हो गया है। करसोग के अलावा कुमारसेन व कोटखाई के निचले क्षेत्रों से सेब शिमला की भट्ठाकुफर मंडी में पहुंने लगा है। मंगलवार को कुमारसेन के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों से टाइडमैन सेब की कुछ पेटियों भट्ठाकुफर फल मंडी पहुंची। टाइडमैन सेब के बाद स्पर वेरायटी का सेब मंडियों में दस्तक देगा। स्पर वैरायटी के सेब के जुलाई के पहले हफ्ते में मंडियों में पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा निचले क्षेत्रों से नाशपाती की फसल भी तैयार होने लगी है।
शिमला की भट्ठाकुफर फल मंडी के आढ़ती अनूप चौहान का कहना है कि मंगलवार को भी टाइडमैन सेब की खेप मंडी में आई। शुरूआती दौर में बागवान को सेब के अच्छे दाम मिल रहे है। उनका कहना है कि बागवान कच्चा सेब मंडी में न भेजे। सेब को पूरी तरह से तैयार होने दें। अच्छी क्वालटी के सेब का बागवानों को इस बार भी ऊंचे दाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि अभी कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों से बहुत कम सेब मंडी में पहुंच रहा है। जुलाई महीने में सेब सीजन में तेजी आएगी।


| All Rights Reserved | Website By :