हिमाचल आजकल
शिमला। ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने सेना भर्ती के लिए केन्द्र सरकार की अग्रिपथ योजना का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल इस निर्णय पर देश के युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए और सेना में सेवा के उनके उत्साह को देखते हुए इस योजना को पुरानी व्यवस्था के साथ एकीकृत किया गया है। यह योजना युवाओं के सशस्त्र बलों में शामिल होने और राष्ट्र की सेवा करने के सपनों को पूरा करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी। उनका कहना है कि इससे युवा सैन्य अनुशासन, प्रेरणा, कौशल और शारीरिक फिटनेस को आत्मसात कर सक्षम बन सकेंगे। इस योजना से बेहतरीन कौशल, प्रमाणन और डिप्लोमा, उच्चतर शिक्षा व क्रैडिट के माध्यम से वे आसानी से समाज से जुडऩे में सक्षम होंगे।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि इस योजना से वर्षों के सैन्य प्रशिक्षण, टीम निर्माण क्षमता, लोकाचार और भाई चारे की भावना वाले आत्मविश्वास से भरे बेहतर नागरिकों का निर्माण सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि सेवा के चार वर्ष पूर्ण होने के बाद अच्छा वित्तीय पैकेज युवाओं को अन्य नागरिकों की तुलना में अधिक व्यवस्थितव व जिम्मेवार बनाएगा और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए कौशल संबंधी सर्टिफिकेट एवं क्रेडिट प्रदान किए जाएंगे। वीरेन्द्र कंवर ने कहा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त विपक्षी दल उन पर हो रही जांच से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस योजना के बारे में दुष्प्रचार कर अपने लाभ के लिए युवाओं का उपयोग कर रहे हैं, जो कि निंदनीय है।


| All Rights Reserved | Website By :